उफ.अब महिला पुलिसकर्मी से छेड़छाड़

चलती बस में गैंगरेप के चश्मदीद ने लोगों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि मौके पर लोग सामने नहीं आते। केवल मोमबत्ती जलाने से हमारा फर्ज पूरा नहीं होता। हमें हादसे के वक्त सामने आना चाहिए। पुलिस की संवेदनहीनता की कहानी हर घर की जुबानी सुनी जा सकती है। खाकी आखिरकार कब सुधरेगी?

राजधानी की बसों में आम महिलाएं तो दूर महिला पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं। पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार इलाके में चलती बस में एक व्यक्ति ने पुलिसकर्मी समेत तीन युवतियों के साथ छेड़छाड़ की। डर की वजह से दोनों युवतियां तो चुप रहीं, लेकिन पुलिसकर्मी ने साहस दिखाते हुए आरोपी को दबोचकर बस से नीचे उतार लिया। बस से उतरते ही आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की। वहां मौजूद एक पत्रकार की मदद से आरोपी को दबोच कर थाने ले जाया गया। खास बात यह है कि पुलिसकर्मी के साथ में छेड़छाड़ होने के बावजूद थाना पुलिस ने मामला दर्ज करने में देरी की। वह भी तब जब महिला उसी थाने में तैनात है। आला अधिकारी मामले को दबाने में जुटे हुए हैं। आरोपी की पहचान 22 साल के अक्षय लाल के रूप में हुई है। वह मंडावली में रहता है।

सूत्रों के अनुसार बस में छेड़छाड़ की यह घटना रविवार तीसरे पहर करीब तीन बजे की है। नंदनगरी से नेहरू प्लेस के बीच चलने वाली रूट संख्या 374 की बस में 25 साल की महिला पुलिसकर्मी सहित दो अन्य युवतियां सफर कर रही थीं। बस में सवार एक व्यक्ति काफी समय से दो युवतियों से छेड़खानी कर रहा था। उसने महिला पुलिसकर्मी के साथ भी छेड़खानी शुरू कर दी। महिला पुलिसकर्मी ने तुरंत विरोध किया और उसने जगतपुरी बस स्टैंड पर बस रुकवाई और उस व्यक्ति को जबरन बस से नीचे उतार लिया। आरोपी अपना गिरेबान छुड़ाकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा। महिला पुलिसकर्मी चिल्ला रही थी लेकिन बस स्टैंड पर खड़े लोग उसकी मदद के लिए आगे नहीं बढ़े। अंत में बस स्टैंड से दूसरी बस पकड़ने जा रहे एक पत्रकार ने जब यह देखा तो वह भाग कर मौके पर आए। इससे पहले कि आरोपी व्यक्ति महिला पुलिसकर्मी के कब्जे से छूट कर भाग पाता, उन्होंने उसे दबोच लिया। महिला पुलिसकर्मी ने बताया कि यह व्यक्ति छेड़छाड़ कर रहा था। जब पत्रकार और महिला पुलिसकर्मी आरोपी को थाने ले जाने लगे तब कुछ और लोग साथ आ गए। लोगों ने उस व्यक्ति की पिटाई कर दी। फिर थाने ले जाया गया। इस घटना की जानकारी आला पुलिस अधिकारियों को दी गई। लेकिन आला पुलिस अधिकारियों से काफी देर तक मामला दर्ज करने की हरी झंडी ही नहीं मिली। बाद में आदेश मिलने के बाद देर शाम इस संबंध में आनंद विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!