सीओएआई ने वार्षिक आम सभा 2024 में वर्ष 2024-25 के लिए नए नेतृत्व की घोषणा की

नई दिल्ली, जून, 2024- दूरसंचार, इंटरनेट, टेक्नोलॉजी और डिजिटल सेवाओं की अग्रणी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाले शीर्ष उद्योग संगठन सीओएआई ने वित्त वर्ष 2013-24 के लिए अपनी वार्षिक आम सभा के समापन के साथ जून, 2024 से प्रभावी 2024-25 के लिए नए नेतृत्व की घोषणा की। वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के मुख्य परिचालन अधिकारी श्री अभिजित किशोर इस संगठन के चेयरपर्सन होंगे, जबकि भारती एयरटेल के मुख्य नियामकीय अधिकारी श्री राहुल वत्स वाइस चेयरपर्सन होंगे।
अभिजित किशोर को भारतीय दूरसंचार उद्योग में तीन दशकों से अधिक का विभिन्न कार्यों, संगठनों और क्षेत्रों में गहरा अनुभव है। सीओओ की भूमिका अपनाने से पूर्व वह चीफ एंटरप्राइस बिजनेस ऑफिसर के तौर पर वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के एंटरप्राइस कारोबार का नेतृत्व कर रहे थे जहां उन्होंने एक दूरसंचार कंपनी से एक प्रौद्योगिकी कंपनी के रूप में एंटरप्राइस कंपनी के लिए परिवर्तन का नेतृत्व किया। उनके नेतृत्व में वोडाफोन आइडिया ने इस डिजिटल युग में कारोबार हित में इंटीग्रेटेड, आईओटी, मैनेज्ड सर्विसेज़ और सिक्युरिटी जैसी तेज एवं नवीनतम प्रौद्योगिकियों को पेश किया।
राहुल वत्स दूरसंचार उद्योग के एक दिग्गज हैं जिन्हें 29 वर्षों का अनुभव है। दूरसंचार एवं प्रसारण लाइसेंसिंग, आर्थिक नियमन, स्पेक्ट्रम प्रबंधन और नियामकीय मुकदमों में उनकी विशेषज्ञता है। भारती एयरटेल के मुख्य नियामकीय अधिकारी के तौर पर राहुल सरकार के साथ संबंधों, इस कंपनी के मोबिलिटी ब्रॉडबैंड, डीटीएच, डेटा सेंटर, सबमैरीन केबल के क्षेत्रों में नीति एवं नियामकीय अंतर्संबंधों, इसकी अंतरराष्ट्रीय अनुषंगियों और कारोबार की सभी डिजिटल लाइनों के बीच संबंधों का नेतृत्व करते हैं। वह जीएसएमए के स्पेक्ट्रम पॉलिसी वर्किंग ग्रुप (एसपीडब्लूजी) के चेयर हैं और जीएसएमए के ग्लोबल पॉलिसी ग्रुप और स्पेक्ट्रम स्ट्रैटेजी एंड मैनेजमेंट ग्रुप (एसएसएमजी) के सदस्य हैं। राहुल भारत में विभिन्न दूरसंचार मानकीकरण निकायों के भी गवर्निंग काउंसल सदस्य हैं।
सीओएआई के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डाक्टर एसपी कोचर ने सहयोग और नेतृत्व के लिए श्री पीके मित्तल का ह्रदय से आभार प्रकट किया और श्री अभिजित किशोर का सीओएआई में स्वागत किया। वर्ष 2023 परिवर्तनकारी पहल और महत्वपूर्ण प्रगति के लिहाज से दूरसंचार उद्योग के लिए एक ऐतिहासिक वर्ष रहा है। उल्लेखनीय रूप से देशभर में 5जी की शुरुआत पासा पलटने वाला घटक साबित हुआ है। महत्वपूर्ण घटनाक्रमों में ऐतिहासिक दूरसंचार कानून, 2023, भारत 6जी विजन का अनावरण, ग्रीन एनर्जी ओपन एक्सेस पहल के जरिए अक्षय ऊर्जा को प्रोत्साहन शामिल रहे। इसके अलावा, भारतीय टेलीग्राफ नियमों, 2023 में संशोधन और चक्षु एप्लीकेशन की लांचिंग से आने वाले वर्षों में यह उद्योग मजबूत होगा। वहीं वायरलेस ऑपरेटिंग लाइसेंस के उन्मूलन से नियमन और दुरुस्त होगा और नेटवर्क विस्तार में सहूलियम मिलेगी एवं मोबाइल ब्रॉडबैंड का दायरा बढ़ेगा।
वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के मुख्य परिचालन अधिकारी अभिजित किशोर ने कहा, “मैं सीओएआई के चेयरपर्सन की भूमिका ग्रहण करते हुए सम्मानित महसूस कर रहा हूं और जैसा कि हम वृद्धि के एक नये युग में प्रवेश करने जा रहे हैं, इस उद्योग का प्रतिनिधित्व करने हेतु मुझमें भरोसा करने के लिए मैं सीओएआई के सभी सदस्यों का धन्यवाद करना चाहूंगा। दूरसंचार उद्योग नित दिन मजबूती के साथ वृद्धि कर रहा है और साथ मिलकर हम कहीं अधिक जुड़ी हुई, सुरक्षित और समावेशी दुनिया को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस उद्योग की तरफ से मैं इस देश में डिजिटल खाई को पाटने के इस सरकार के प्रयासों में सहयोग करने और भारत के डिजिटल परिवर्तन को और गति देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराना चाहूंगा। मैं एक डिजिटल रूप से सशक्त समाज के हमारे सामूहिक विजन को प्राप्त करने में आगे आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए सभी भागीदारों के साथ मिलकर काम करने की उम्मीद करता हूं।”
इस अवसर पर भारती एयरटेल के चीफ रेगुलेटरी ऑफिसर राहुल वत्स ने कहा, “सीओएआई इस देश में कनेक्टिविटी को आगे बढ़ाने में अग्रणी रहा है और मैं वाइस चेयरपर्सन की भूमिका निभाते हुए इस उद्भव में योगदान करते हुए उत्साहित हूं। दूरसंचार क्षेत्र एक परिवर्तनकारी चरण से गुजर रहा है और हम उन मुद्दों से निपटने के लिए सरकार और नियामकों के साथ मिलकर काम करना चाहूंगा जिन पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है। मैं इस अवसर पर पूर्व पदाधिकारियों को धन्यवाद देता हूं और इस दूरसंचार उद्योग को आगे बढ़ाने, कनेक्टिविटी बढ़ाने और हमारे देश के नागरिकों के उत्थान के लिए अनूठी रणनीतियां और समाधान पेश करने के लिए सदस्यों के साथ मिलकर काम करने की उम्मीद करता हूं।”
सीओएआई के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डाक्टर एसपी कोचर ने कहा,“हम एक डिजिटल क्रांति के दौर में हैं जहां हमारे समाज, अर्थव्यवस्था और राजकाज के ताने-बाने को बदलने में 5जी एक उत्प्रेरक की भूमिका निभा रहा है। जैसा कि भारत मोदी की अगुवाई में तीसरी पारी खेलने जा रहा है, हमें उम्मीद है कि डिजिटल इंडिया कार्यक्रम और अन्य प्रगतिशील नीतियां, डिजिटल संसाधनों और अवसरों तक प्रत्येक नागरिक की पहुंच के साथ उनके सशक्तिकरण को और गति देंगी। आज भारत ने खुद को मौजूदा 5जी क्रांति में वैश्विक नेता के तौर पर मजबूती के साथ स्थापित किया है और यह 6जी पर अपनी महत्वाकांक्षा पूरी करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ये घटनाक्रम दूरसंचार उद्योग के उदीयमान भविष्य का एक अग्रदूत है और सीओएआई आगे आने वाले अवसरों को लेकर आशावादी है। हम इस राष्ट्र के लिए एक जबरदस्त, समावेशी और टिकाऊ वृद्धि हासिल करने के लिए इस सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर काम करने को प्रतिबद्ध हैं।”

error: Content is protected !!