विश्व साइकिल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में होगा ‘फिट इंडिया – संडेज़ ऑन साइकिल’ का आयोजन
पश्चिम बंगाल सरकार के खेल मंत्री श्री निसिथ प्रमाणिक ने किया विश्व साइकिल दिवस समारोह का शुभारंभ
5,000 से अधिक प्रतिभागी साइकिल यात्रा में होंगे शामिल
कोलकाता, 5 जून 2026: पश्चिम बंगाल सरकार के युवा मामले एवं खेल विभाग के माननीय मंत्री श्री निसिथ प्रमाणिक ने आम जनता से साइकिलिंग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है। इस मौके पर श्री सिबानंद मिश्रा, क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी, नेताजी सुभाष पूर्वी केंद्र, कोलकाता भी मौजूद थे।
विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में विश्व साइकिल दिवस समारोह की तैयारियों का शुभारंभ करते हुए उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संदेश “फिटनेस का डोज़, आधा घंटा रोज़” का उल्लेख किया और कहा कि राज्य सरकार विश्व साइकिल दिवस तथा ‘फिट इंडिया – संडेज़ ऑन साइकिल’ पहल को पश्चिम बंगाल में खेल संस्कृति के विस्तार और एक व्यापक खेल क्रांति के माध्यम के रूप में देख रही है।
श्री प्रमाणिक ने कहा, “मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूँ कि वे साइकिलिंग को अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। जब साइकिल चलाना आम लोगों के बीच और अधिक लोकप्रिय होगा, तब राज्य सरकार साइकिल चालकों की सुविधा के लिए शहरी क्षेत्रों में समर्पित साइकिल ट्रैक विकसित करने की संभावनाओं पर विचार करेगी।”
वहीं, श्री सिबानंद मिश्रा ने बताया कि विश्व साइकिल दिवस का यह आयोजन फिट इंडिया आंदोलन की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करने तथा पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बता दें कि विश्व साइकिल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में ‘फिट इंडिया – संडेज़ ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन 7 जून 2026 (रविवार) को प्रातः 5:30 बजे विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (VYBK), कोलकाता में किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), नेताजी सुभाष पूर्वी केंद्र, कोलकाता द्वारा पश्चिम बंगाल सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग के सहयोग से किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में युवा मामले एवं खेल विभाग, पश्चिम बंगाल सरकार के माननीय मंत्री-प्रभारी श्री निसिथ प्रमाणिक तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पश्चिम बंगाल सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री डॉ. शरदवत मुखर्जी उपस्थित रहेंगे।