तिरुपति, जुलाई 2026 – दुनिया की सबसे बड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटर निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने स्थायी विकास और सामुदायिक सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए आंध्र प्रदेश के तिरुपति में अपने दूसरे ग्लोबल पार्ट्स सेंटर का शिलान्यास किया है। यह अत्याधुनिक सुविधा 750 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से विकसित की जाएगी और कंपनी के 3,200 करोड़ रुपये से अधिक के व्यापक निवेश रोडमैप का हिस्सा है। इस परियोजना का उद्देश्य तिरुपति को एक आधुनिक और वैश्विक स्तर के मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करना है। इसके साथ ही यह कदम हीरो मोटोकॉर्प की वैश्विक सप्लाई चेन को और मजबूत करेगा और भारत के ऑटोमोबाइल तथा ईवी इकोसिस्टम में उसकी स्थिति को और सुदृढ़ बनाएगा।
आंध्र प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा, ‘’हीरो मोटोकॉर्प राज्य के विकास यात्रा में, विशेषकर रायलसीमा क्षेत्र के रूपांतरण में, एक महत्वपूर्ण और विश्वसनीय साझेदार रहा है। तिरुपति में ग्लोबल पार्ट्स सेंटर की स्थापना राज्य की प्रगतिशील नीतियों, विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना, निवेश-अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र तथा “स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस” के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता में उद्योग जगत के विश्वास का स्पष्ट प्रमाण है। पिछले वर्षों में हीरो मोटोकॉर्प की उपस्थिति से राज्य में व्यापक स्तर पर रोजगार सृजन हुआ है, स्थानीय आपूर्ति श्रृंखलाएँ सुदृढ़ हुई हैं, कौशल विकास को प्रोत्साहन मिला है तथा रायलसीमा एवं समग्र आंध्र प्रदेश की आर्थिक प्रगति को गति प्राप्त हुई है। राज्य सरकार इस साझेदारी के निरंतर विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण को लेकर प्रसन्न है तथा भविष्य में सहयोग को और अधिक गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।‘’
उन्होंने आगे कहा, ‘’यह ऐतिहासिक निवेश युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर उत्पन्न करेगा, रायलसीमा की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करेगा तथा तिरुपति को देश के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग, मोबिलिटी और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करने में सहायक होगा। हीरो मोटोकॉर्प का आंध्र प्रदेश पर यह विश्वास सराहनीय है। राज्य सरकार और उद्योग जगत की यह साझेदारी मिलकर ऐसे औद्योगिक वातावरण के निर्माण की दिशा में कार्य करेगी, जो रोजगार सृजन को बढ़ावा दे, आर्थिक विकास को गति दे और समग्र रूप से समृद्धि सुनिश्चित करे।‘’
हीरो मोटोकॉर्प के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन, डॉ. पवन मुंजाल ने कहा, “हीरो मोटोकॉर्प में हमारा हमेशा से मानना रहा है कि बिजनेस की तरक्की और देश का विकास दोनों साथ-साथ चलते हैं। तिरुपति में हमारे दूसरे ग्लोबल पार्ट्स सेंटर का भूमि पूजन समारोह हमारे सफर का एक अहम पड़ाव है। तिरुपति को भविष्य के लिए तैयार मैन्युफैक्चरिंग और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी हब के रूप में विकसित करने की यह पहल कंपनी की वैश्विक सप्लाई चेन को और मजबूत करेगी तथा “मेड इन इंडिया, फॉर इंडिया एंड द वर्ल्ड” के संकल्प को और सशक्त बनाएगी।‘’
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यह अवसर उनके लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह उनके पूजनीय पिता एवं कंपनी के संस्थापक डॉ. बृजमोहन लाल मुंजाल की 103वीं जयंती के दिन साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि उनके पिता एक दूरदर्शी व्यक्तित्व थे, जिनका मानना था कि संस्थानों का निर्माण केवल वर्तमान के लिए नहीं, बल्कि भविष्य का नेतृत्व करने के लिए किया जाना चाहिए। डॉ. मुंजाल ने इसे अपने पिता के विचारों, मूल्यों और भारत की क्षमता में उनके अटूट विश्वास के प्रति एक विनम्र श्रद्धांजलि बताया तथा विश्वास जताया कि यह नया सेंटर उनके देश-सेवा और संस्थान निर्माण के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएगा।
भारत में निर्माण, दुनिया भर में आपूर्ति
आगामी ग्लोबल पार्ट्स सेंटर हीरो मोटोकॉर्प के देश और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्पेयर पार्ट्स संचालन के लिए एक रणनीतिक केंद्र के रूप में काम करेगा। यह सुविधा कंपनी की वैश्विक सप्लाई चेन को और अधिक सुदृढ़ और कुशल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कंपनी का संपूर्ण इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो पहले से ही तिरुपति प्लांट में डिजाइन, इंजीनियर और निर्मित किया जा रहा है। इस नए निवेश के साथ, प्लांट की उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है, जो लगभग 12 से 15 लाख यूनिट्स प्रतिवर्ष तक पहुंच सकती है। इससे तिरुपति भारत के भविष्यगत मोबिलिटी मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में और अधिक मजबूत स्थिति में आएगा।
रोजगार के नए अवसर
इस विस्तार से लगभग 4,000 रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। यह कदम देश के ‘विकसित भारत 2047’ और आंध्र प्रदेश सरकार के ‘स्वर्णआंध्र’ विजन के बिल्कुल अनुकूल है। नौकरियां देने के अलावा, यह ग्लोबल पार्ट्स सेंटर इस पूरे क्षेत्र में आर्थिक तरक्की को बढ़ाने का काम करेगा, जिसका फायदा लंबे समय तक यहाँ के लोगों को मिलेगा।
समाज को सशक्त करने की दिशा में पहल
सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए, हीरो मोटोकॉर्प ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ साझेदारी में दो महत्वपूर्ण सामाजिक पहलों की शुरुआत की है। “डॉ. बृजमोहन लाल मुंजाल हीरोज़ ऑफ टुमारो स्कॉलरशिप प्रोग्राम” राज्य के 28 जिलों में तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों को सहयोग प्रदान करेगा। इस कार्यक्रम के तहत राज्य के आईआईटी (IIITs) में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे मेधावी छात्रों की पूरी ट्यूशन फीस वहन की जाएगी, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकें और देश को भविष्य के तकनीकी नेतृत्वकर्ता मिल सकें।
इसके साथ ही, स्थानीय समुदाय के सशक्तिकरण की दिशा में एक और कदम उठाते हुए, कंपनी तिरुपति जिले की महिला पुलिस कर्मियों को वीडा इलेक्ट्रिक स्कूटर्स उपलब्ध कराएगी। साथ ही, उन्हें विशेष सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे सुरक्षित, सक्षम और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन माध्यमों का उपयोग करते हुए अपने कार्य को और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें।