राजधानी दिल्ली में बिजली की कीमतों में तीन प्रतिशत तक हुई वृद्धि के साथ ही शीला दीक्षित सरकार पर हमले तेज हो गए हैं। आम आदमी पार्टी [आप] के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली में निजी कंपनियों व दिल्ली सरकार की मिलीभगत के चलते बिजली दरों में लगातार इजाफा हो रहा है। उन्होंने बढ़ी हुई दरों को वापस लेने तथा बिजली की कीमतें कम करने की मांग की।
कांस्टीट्यूशन क्लब में शुक्रवार को प्रेसवार्ता में केजरीवाल ने मांग की कि 2010-11 में डीईआरसी [दिल्ली विद्युत विनियामक आयोग] के तत्कालीन अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह द्वारा जारी किए गए आदेश को लागू कर दरों में कमी की जाए। साथ ही पिछले तीन वर्षो में अदा की गई बिजली की अधिक कीमत को वापस किया जाए। निजी कंपनियों पर हेराफेरी व सांठ-गांठ का आरोप लगाते हुए केजरीवाल ने इनके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने की मांग भी की।
