कल्याण ने राहुल को कहा, बिल्ली का बच्चा

kalyan 2013-2-11बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने नरेंद्र मोदी को शेर का बच्चा और राहुल गांधी को बिल्ली का बच्चा बताकर तुलना की। वह राहुल गांधी को नौसिखिया नेता भी करार दे गए। हालांकि नरेंद्र मोदी को बतौर प्रधानमंत्री प्रोजेक्ट करने के सवाल को उन्होंने बड़ी चतुराई से टाल दिया।

पत्रकारों से बातचीत में रविवार को कल्याण सिंह ने कहा कि मोदी कुशल प्रशासक, विकास पुरुष, स्पष्ट विजन और गांव-गांव में चर्चा किए जाने वाले नेता हैं। मोदी बनाम राहुल के सवाल पर उन्होंने कहा कि कि शेर के सामने बिल्ली पेश की गई है। राहुल गांधी कांग्रेस के खुदा हो सकते हैं, मगर लोकसभा चुनाव में एनडीए की जीत पक्की है। उन्होंने सोनिया गांधी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उनमें देशभक्ति की भावना, परंपरा, संस्कृति का अभाव है।

कल्याण सिंह ने यह भी साफ किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में राम मंदिर और हिंदुत्व भाजपा के प्रमुख मुद्दे होंगे। हालांकि नरेंद्र मोदी द्वारा राम मंदिर का जिक्र न किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मोदी भी कट्टर हिंदूवादी हैं और वह पार्टी की नीति से अलग नहीं हैं।

बार-बार भाजपा छोड़ने के सवाल पर कल्याण सिंह ने कहा कि सब वक्त-वक्त की बात है। वक्त ने मुझे और भाजपा दोनों को समझा दिया है कि अलग रहकर नुकसान है और साथ मिलकर फायदा है। मैनें भाजपा में जिंदगी बिताई है और यहीं काम करना है। क्या इस बार भी उनका भाजपा से मोहभंग नहीं होगा? इस पर बोले कि इस बार उनकी पार्टी से नहीं खटकेगी। अनुशासित कार्यकर्ता बनकर काम करेंगे।

अफजल गुरु नहीं अफजल खां कहिए

बुलंदशहर। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने अफजल गुरु के नाम के साथ गुरु शब्द जोड़ने का विरोध किया। उन्होंने कहा कि गुरु शब्द बड़ा सम्माननीय होता है। आतंकी के नाम के साथ इस शब्द का प्रयोग नहीं होना चाहिए। अफजल गुरु को अफजल खां कहना चाहिए।

error: Content is protected !!