त्रिपुरा में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू

election 2013-2-14अगरतला। त्रिपुरा में गुरुवार सुबह विधानसभा के लिए मतदान शुरू हो गया। यहां पर मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ माकपा और 20 साल से राज्य में सत्ता से बाहर कांग्रेस के बीच है। अब तक विधानसभा में अपना खाता खोलने में असफल रही भाजपा ने भी इस बार 50 प्रत्याशी उतारे हैं।

60 सदस्यीय विधानसभा के लिए यहां कुल 249 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इनमें 1998 से लगातार मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज माणिक सरकार, टीपीसीसी अध्यक्ष सुदीप राय बर्मन और नेशनलिस्ट पार्टी ऑफ त्रिपुरा के अध्यक्ष बिजय हरंख्वाल जैसे दिग्गज भी शामिल हैं।

अलगाववादियों की धमकियों को देखते हुए चुनाव आयोग ने अ‌र्द्धसैन्य बलों के 40 हजार जवान तैनात किए हैं जो एक रिकार्ड है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। इस दौरान प्रदेश के 23 लाख 52 हजार 505 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 11 लाख 64 हजार 656 महिलाएं हैं।

वाममोर्चा लगातार पांचवीं बार सत्ता में वापसी कर इतिहास लिखने की उम्मीद कर रहा है। मुख्य मुकाबला पिछले चुनाव में 49 सीटें जीतने वाले वाममोर्चा गठबंधन तथा 10 सीटें जीतने वाली कांग्रेस और उसके सहयोगियों के बीच है। हालांकि चुनाव में 16 दलों ने अपने प्रत्याशियों को खड़ा किया है। कई निर्दलीय उम्मीदवार भी हैं।

वाम मोर्चा की मुख्य घटक माकपा 56 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि आरएसपी दो और भाकपा तथा फारवर्ड ब्लाक एक-एक सीट पर किस्मत आजमाएगी। कांग्रेस 48 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उसके सहयोगी दल आइएनपीटी 11 और नेशनल कांफ्रेंस ऑफ त्रिपुरा ने एक सीट पर अपना प्रत्याशी खड़ा किया है। उम्मीदवारों में 14 महिलाएं भी हैं। हालांकि साल 2008 के चुनाव के मुकाबले इस बार महिला प्रत्याशियों की संख्या चार कम है।

error: Content is protected !!