नई दिल्ली। दिल्ली में महिलाओं पर हो रहे हमलों का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। गत आठ मार्च को महिला दिवस के दिन जब उनकी सुरक्षा को लेकर तमाम तरह के दावे किए जा रहे थे, उसी दिन खान मार्केट के बूम बॉक्स बार में एक महिला के चेहरे पर शराब की बोतल फोड़ दी गई।
उसका कसूर सिर्फ इतना था कि उसने छेड़छाड़ करने पर युवक को तमाचा जड़ दिया था। उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने घटना में शामिल पांचों रसूखदारों को गिरफ्तार कर लिया।
नई दिल्ली के डीसीपी एसबीएस त्यागी के मुताबिक, आरोपी युवकों के नाम रोहित सहगल, मनीष, कमलदीप, परमदीप व विकास उर्फ विक्की है। मनीष के पिता सीबीआइ में अधिकारी हैं। लोधी कालोनी, सीजीओ कांप्लेक्स में तैनात सीबीआइ अधिकारी सीबीआइ कॉलोनी, वसंत विहार में परिवार के साथ रहता है, अन्य चारों युवक रानी बाग के रहने वाले हैं।
विकास उर्फ विक्की मॉडल है और कुछ दिन पहले मुंबई से आया था। पांचों हाईप्रोफाइल परिवार से हैं। इनमें कमलदीप व परमदीप पत्राचार से बीए कर रहे हैं, जबकि पांचवें आरोपी का नाम रोहित है। पांचों आरोपी फाइनेंस, प्रॉपर्टी या पिता के बिजनेस में हाथ बंटाते हैं। गाजियाबाद की रहने वाली 26 महिला पति के साथ बीते शुक्रवार को लाजपत नगर में रहने वाले रिश्तेदार के यहां आई थी। रात को दंपती सात-आठ अन्य रिश्तेदारों, जिनमें पांच महिलाएं थी, के साथ खान मार्केट के बूम बॉक्स बार गया था।
इनकी टेबल पर खाने का सामान व बीयर की दो बोतलें रखी थी। बगल की टेबल पर पांच युवक बैठकर खा-पी रहे थे। आरोप है कि पांचों में महिला को घूर रहे थे और अश्लील इशारे कर रहे थे। महिला ने एक से पूछा कि वह उसकी तरफ क्यों घूर रहा है। इस पर पांचों युवक बदतमीजी करने लगे और दंपती व युवकों में झगड़ा हो गया। बात बढ़ जाने पर महिला ने पांचों में से एक रोहित के मुंह पर तमाचा जड़ दिया।
इस पर गुस्से में उसने शराब की बोतल उठाकर महिला के चेहरे पर दे मारी। चेहरे पर बोतल टूट जाने से कांच के टुकड़े चेहरे में धंस गए। वहीं, घटना के बाद बार में अफरातफरी मच गई। सभी वहां से भाग खड़े हुए। महिला को घायल अवस्था में राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहां से उसे निजी अस्पताल में स्थानांतरित करवा लिया गया। देर रात 12.50 पर घटना की शिकायत तुगलक रोड थाना पुलिस में की गई।
सनसनीखेज घटना को देखते हुए पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर रातभर छापेमारी कर पांचों को दबोच लिया। शनिवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश कर सभी को 15 दिनों के लिए तिहाड़ भेज दिया गया। आरोपी शनिवार व सोमवार को दो बार जमानत के लिए अर्जी लगा चुके हैं, लेकिन कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी है।