ब्रज की होली: लट्ठ कोड़े पड़े दनादन

braj holiरंगों का त्यौहार होली यों तो पूरे देश में उत्साह से मनाया जाता है लेकिन कान्हा की नगरी मथुरा में इसका अंदाज ही कुछ अलग है। होली के हुरियारों पर कहीं डंडों की मार पड़ती है तो कहीं कोड़ों से पीटा जाता है। गुलाल और रंगों के साथ ही कीचड़ के थपेडे़ हुरियारों को झेलने पड़ते हैं। लेकिन इस मार में ही अजब सा प्यार है। यहीं कारण है कि ब्रज की होली का खुमार पूरे देश में चढ़ता है और हर साल लाखों लोग इस त्यौहार को मनाने यहां आते हैं।

होली के त्यौहार की शुरुआत मंदिरों में बसन्त पंचमी से ही हो जाती है। मंदिरों में भगवान कृष्ण को गुलाल लगाने के बाद रोजाना भक्त होली खेलते हैं। यह जोश फाल्गुन की नवमी तक पूरे चरम पर पहुंच जाता है। इसी दिन विश्व प्रसिद्ध बरसाने की होली मनाई जाती है। यहां बरसाने की हुरियारिनों से होली खेलने नंदगांव के हुरियारे आते हैं। हुरियारिन जहां डंडे हाथों में लेकर तैयार रहती हैं वहीं हुरियारे हाथ में ढाल लिए रहते हैं। गुलाल की बौछार के बीच जब लाठियों की मार पड़ती है तो अच्छे-अच्छे खिलाड़ी भी दुम दबाकर भागते नजर आते हैं। ढाल से बचते बचाते तमाम हुरियारे लाठी खा भी जाते हैं।

शाम को ये हुरियारे श्रीजी मंदिर पहुंचते हैं और यहां राधारानी के दर्शन के बाद मार खाने को तैयार हो जाते हैं। मंदिर से रंगीली गली तक लट्ठमार होली का दृश्य देखने के लिए दूर-दूर से पर्यटक हर साल बरसाने पहुंचते हैं। यहां लट्ठमार होली पर ही ढोल नगाडों के साथ समाज गायन भी चलता है। इसके साथ ही समाज गायन ब्रज के लगभग सभी मंदिरों में शुरू हो जाता है।

नंदगांव के हुरियारे जब बरसाने होली खेलने आ सकते हैं तो बरसाने के हुरियारे क्यों नहीं! बरसाने की होली से ठीक एक दिन बाद नंदगांव में लट्ठमार होली होती है। इस बार बरसाने से हुरियारे जाते हैं तो हुरियारिन होती हैं नंदगांव की। मंदिर के पास नंद चौक में होली का नजारा ही कुछ और होता है।

फाल्गुन की नवमी से शुरू होने वाला यह जश्न फिर थमने का नाम नहीं लेता। एकादशी से वृन्दावन में होली शुरू होती है। मंदिरों में गुलाल और रंग बिखेरा जाता है तो सड़कों पर गुजरने वाले भी इस रंग में मस्त हो जाते हैं। वृन्दावन का बांके बिहारी मंदिर हो या कोई और, होली के रंग सभी जगह बिखरते हैं। एकादशी को ही कृष्ण जन्मभूमि पर मथुरा में भी होली होती है। दोपहर दो बजे से यहां पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं फिर लट्ठमार होली। यहां कार्यक्रम के दौरान भी फूलों की होली लोगों को महका देती है। मथुरा में विश्राम घाट के नजदीक द्वारिकाधीश मंदिर पर यों तो रोजाना होली खेली जाती है पर यहां का असली आकर्षण एकादशी की कुंज होली है। इस दिन मंदिर में पेड़ों की डंडियों से कुंज बनाकर बीच में पानी के फव्वारे लगाए जाते हैं। इन कुंज और फव्वारों के साथ ही होली के रंग समूचे मंदिर में बिखर जाते हैं।

इसके साथ ही शुरू हो जाता है पूरे मथुरा में हुरंगा। हुरंगे की बात चले और बलदेव का जिक्र न आए- यह मुमकिन नहीं। जब समूचा देश होली का रंग खेलकर खुमारी उतार रहा होता है तो बलदेव के युवक कोड़ों की मार झेलते हैं। अरे, इन्हें कोई सजा नहीं मिलती, यह तो मस्ती है। होली के अगले दिन दौज पर होता है बलदेव का हुरंगा। यह हुरंगा होता है दाऊजी मंदिर परिसर में। यहां महिलाएं होली खेलने वाले युवकों के कपडे़ फाड़कर उन्हीं से कोड़े बनाती हैं। इन कोड़ों से फिर युवकों की पिटाई की जाती है। युवक अपने बचाव के लिए टेसू के रंग महिलाओं पर फेंकते चलते हैं। हुरंगा गोकुल, गोवर्धन, महावन में भी होता है। हालांकि इन स्थानों पर पर्यटक अभी ज्यादा नहीं आते हैं लेकिन इनका अंदाज भी अलग है। गोकुल के हुरंगे में हुरियारों को डंडी की मार पड़ती है तो लोहवन और बरारी में तीज पर हुरंगा होता है। इन सभी स्थानों पर कीचड़ की होरी गांवों में खेली जाती है।

error: Content is protected !!