बेंगलूर। बेलगाम मुद्दे पर भड़काऊ भाषण देने के आरोप में कर्नाटक पुलिस ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री आरआर पाटिल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस मुद्दे पर दोनों राज्यों के बीच काफी समय से विवाद है। पाटिल पर जाति, धर्म और भाषायी आधार पर वैमनस्य फैलाने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर आरआर पाटिल के खिलाफ जन प्रतिनिधित्व कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। राज्य में पांच मई को विधानसभा चुनाव होने हैं। बेलगाम के एसपी संदीप पाटिल ने बताया कि महाराष्ट्र एकीकरण समिति के नेता और मराठी अखबार तरुण भारत के संपादक किरण ठाकुर के जन्मदिन के उपलक्ष्य में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में भड़काऊ भाषण देने पर बुधवार को एफआइआर दर्ज किया गया है। पाटिल ने इस कार्यक्रम में कुछ साल पहले बेलगाम के तत्कालीन मेयर विजय पांडुरंग मोरे पर बेंगलूर में हुए हमले को याद करते हुए भड़काऊ भाषण दिया था। नगर प्रशासन द्वारा बेलगाम और अन्य मराठी भाषी इलाकों के महाराष्ट्र में शामिल होने के लिए प्रस्ताव पेश किए जाने के कारण मोरे पर यह हमला किया गया था।
बेलगाम और अन्य सीमाई इलाकों पर महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच लंबे समय से विवाद रहा है। महाराष्ट्र जहां बेलगाम पर अपना दावा पेश करता रहा है, वहीं कर्नाटक का कहना है कि यह उसके राज्य का हिस्सा है।