भ्रष्टाचार के खिलाफ करें संघर्ष: अन्ना

anna-says-fight-against-corruptionश्रीनगर गढ़वाल। समाजसेवी अन्ना हजारे ने युवाओं से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आकर संघर्ष करने का आह्वान किया है।

जनतंत्र यात्रा के तहत गढ़वाल विश्वविद्यालय पहुंचे अन्ना ने भ्रष्टाचार को ही सब समस्याओं की जड़ बताते हुए कहा कि 26 जनवरी, 1950 को गणराज्य बनने के साथ ही संविधान के अनुसार राजनीतिक पार्टियों का वजूद भी नहीं रहना चाहिए था। समाज और देश के लिए कार्य करने वाले हमेशा जिंदा रहते हैं।

शुद्ध आचार, शुद्ध विचार, निष्कलंक जीवन और त्याग को जीवन का आधार और सिद्धांत बनाने का आह्वान युवकों से करते हुए उन्होंने कहा कि सोच में सकारात्मक परिवर्तन से ही व्यवस्था में भी सकारात्मक परिवर्तन आता है। जीवन में सोच के अभाव से ही व्यक्ति भ्रमित और पथभ्रष्ट भी होता है। सोच अच्छी होनी चाहिए।

जीवन के लिए ध्येय और लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान छात्रों से करते हुए उन्होंने कहा कि सेवा में ही आनंद और जीवन की सफलता है। समाज के लिए भी समय दें। जीवन में कुछ भी असंभव नहीं है। दृढ़ इच्छा शक्ति से सब संभव है।

error: Content is protected !!