अलीगढ़: पहली बीवी के हत्यारे को सौंप दी बेटी

question-mark-on-marraige-in-aligarhअलीगढ़। हर मां-बाप की ख्वाहिश होती है कि उसकी बेटी जिसके साथ शादी-शुदा जिंदगी शुरू करे, वो न सिर्फ सभी जरूरतें पूरी कर सके, बल्कि संस्कारी भी हो। घर-परिवारवाले भी अच्छे हों। मंगलवार की रात यहां सब-कुछ उलट गया। बाप ने अपनी बेटी को एक ऐसे शख्स के पल्ले बांध दिया, जिसके हाथ खून से सने हैं। उसे पहली बीवी के कत्ल में 20 साल की कैद हो चुकी है। जेल से पैरोल पर रिहा होकर आए शख्स ने मंगलवार को शादी रचाई। हकीकत से वाकिफ बेटी ने पिता के फैसले पर चुप्पी साध ली। क्यों? कुछ ने कहा, गरीबी का मारा था। कुछ ने दूसरे कारण गिनाए। सवालों की फेहरिस्त यहीं खत्म नहीं हुई।

ये किस्सा है जिला मुख्यालय से तीन किमी दूर सिंधौली गांव का। यहां अधिकांश परिवार संपन्न हैं, लेकिन कुछ परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब भी है। ऐसे ही एक गरीब परिवार में मंगलवार रात एक बरात आई। कई महंगी गाड़ियां सबको लुभा रही थीं तो हरियाणा पुलिस के जवानों को देख लोग चौंक भी रहे थे। जिस शख्स के सिर सेहरा बंधा था, उसके हाथ हथकड़ी से जकड़े थे। संगीनों के साये में दुल्हन ने फेरे लिए। बुधवार सुबह बिटिया हरियाणा विदा हो गई।

हथकड़ी में जकड़ा शख्स एक रईस खानदान से ताल्लुक रखता है। भिवानी के पोंडकला निवासी अनिल कुमार की शादी हो चुकी है। पत्‍‌नी के कत्ल के इल्जाम में उसे 20 साल की सजा हुई है। वो इस वक्त भिवाड़ी जेल में बंद है। परिवार के कई सदस्य भी जेल में हैं। हरियाणा की एक अदालत ने उसे शादी के लिए पुलिस अभिरक्षा में 72 घंटे के पैरोल पर भेजा है। एक हत्यारे के हाथ बेटी को सौंप देने पर लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

error: Content is protected !!