दिल्ली के थाने में किशोरी ने की खुदकुशी

jail with fansiनई दिल्ली। दिल्ली के विजय विहार थाना परिसर में 16 वर्षीय किशोरी लिब्या सुल्ताना ने महिला पुलिस कर्मियों के कमरे में पंखे से लटक कर शनिवार को खुदकुशी कर ली। घरवालों से नाराज होकर किशोरी शुक्रवार सुबह घर से भागी थी। रिठाला मेट्रो स्टेशन पर अमित नाम के एक व्यक्ति ने किशोरी को विजय विहार थाने पहुंचा दिया था। वहां दोपहर बाद उसने खुदकुशी कर ली। इस घटना को पुलिस की बहुत बड़ी लापरवाही मानी जा रही है। किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अंबेडकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही संयुक्त पुलिस आयुक्त वीरेंद्र चहल, डीसीपी बाहरी जिला संजय कुमार समेत सभी आला अधिकारी थाने पहुंच गए। लिब्या सुल्ताना किशनगढ़, वसंतकुंज की रहने वाली थी। उसके पिता का नाम अब्दुल जलील है। पुलिस के मुताबिक अब्दुल बेटी की शादी करना चाहते थे। इससे नाराज होकर वह शुक्रवार को घर से भाग गई थी।
काफी देर तक वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने शुक्रवार को ही वसंतकुंज उत्तरी थाने में लिब्या की गुमशुदगी का मामला दर्ज करवा दिया था। शनिवार को वह रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास घूम रही थी। वहां अमित नाम के शख्स को मिलने पर उसने किशोरी को दोपहर साढ़े 12 बजे विजय विहार थाने पहुंचा दिया था।
वहां किशोरी से घंटों पूछताछ के बाद उसे महिला पुलिस कर्मियों के कपड़े बदलने वाले कमरे में ठहरा दिया था। कमरे में कोई महिला पुलिस कर्मी नहीं थी। विजय विहार थाना पुलिस वसंतकुंज उत्तरी थाने के जांच अधिकारी व किशोरी के परिजनों को सूचना देने ही वाले थे कि तब तक साढ़े चार बजे किशोरी ने कमरे में चुन्नी के सहारे पंखे से लटक कर खुदकुशी कर ली। खुदकुशी की सूचना मिलते ही जिला पुलिस के आला अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। घंटों बाद इसकी जानकारी वसंतकुंज उत्तरी थाना पुलिस को दी गई।

error: Content is protected !!