देश में अगला चुनाव कांग्रेस नहीं सीबीआई लड़ेगी : मोदी

Narendra modi at lalan collage bhujभोपाल| भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगला विधानसभा और लोकसभा चुनाव लड़ने का कांग्रेस में दम नहीं रहा है, इसलिए कांग्रेस नहीं, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) चुनाव लड़ेगी। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ में बुधवार को मोदी ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर जमकर हमले बोले। उन्होंने आपातकाल के बाद के चुनाव में हुई कांग्रेस की हार के आधार पर कांग्रेस को चेताया कि अगर उसने अपने अधिकार का दुरुपयोग किया तो जनता एक-एक अत्याचार का हिसाब लेगी।
मोदी ने आगामी चुनाव में सीबीआई के दुरुपयोग की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अपने उम्मीदवार को उतारने का दम नहीं है, लिहाजा इसके लिए वह सीबीआई को मैदान में उतारेगी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस को चेताया कि अगर उसने दमनचक्र चलाया तो उसका हाल आपातकाल के बाद के चुनाव जैसा होगा।
केंद्र की कांग्रेस सरकार पर मोदी ने भाजपा या राजग से जुड़े दलों की प्रदेश सरकार को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली सहित गरीबों की योजनाओं का लाभ भी भाजपा शासित राज्यों को नहीं दिया जा रहा है। कांग्रेस इन प्रदेश के लोगों को उनके हक से दूर कर रही है, कांग्रेस को इन प्रदेश के लोगों के दर्द की चिंता नहीं है। साथ ही मोदी ने सवाल किया कि क्या इन प्रदेशों के लोग हिंदुस्तान के नहीं हैं। कांग्रेस को हर मामले में राजनीति दिखती है।

error: Content is protected !!