शाहपुरा: नगरपालिका बोर्ड बैठक में हंगामा

८० लाख की सड़के ८० दिन में क्षतिग्रस्त, जेईएन के खिलाफ हो मुकदमा
अध्यक्ष ने कहा मुकदमा दर्ज कराना पालिका का काम नहीं, प्रतिपक्षे नेता ने लगाया मिलीभगत का आरोप
shahapura-मूलचंद पेसवानी- शाहपुरा – भीलवाड़ा – नगर पालिका शाहपुरा की साधारण सभा में आज फिर हंगामा हुआ। प्रतिपक्ष नेता रमेश सेन ने आरोप लगाया कि ८० लाख रू लागत की सड़कें ८० दिन में क्षतिग्रस्त हो गयी। पालिका ने इस संबंध में क्या कार्रवाई की। सदन को बताया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जेईएन की लापरवाही व मिलीभगत से सड़कों की गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया तथा मात्र ८० दिन में सभी क्षतिग्रस्त हो गयी। ऐसे जेईएन के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया जाया जाना चाहिए। संवेदक के खिलाफ भी कार्रवाई करने का प्रस्ताव सदन को पास करना चाहिए।
प्रतिपक्ष नेता सेन के आरोपों का कांग्रेस के कुछ पार्षदों ने समर्थन किया पर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी ने हंगामे के बीच यह कहा कि जेईएन के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का अधिकार पालिका को नहीं है। क्षतिग्रस्त सड़कों की शिकायत के बाद डीएलबी जयपुर ने जांच के आदेश दिये है, जांच चल रही है, डीएलबी कार्रवाई कर लेगी। इस पर प्रतिपक्ष नेता सेन ने कहा कि यह तो मिलीभगत का खेल हो रहा है, काम करा लिया गया, गुणवत्ता को समय पर देखा नहीं गया तथा आनन फानन में ठेकेदार को भुगतान भी कर दिया, अब पालिका को अधिकार नहीं है, कह कर पालिका अध्यक्ष जेईएन व ठेकेदार केा बचाना चाह रहे है।
हंगामा होने के दौरान बोर्ड बैठक संचालन कर रही पालिका ईओ सीमा चौधरी मूक दर्शक बनी रही। बाद में पालिका अध्यक्ष सोनी ने कहा कि अब काम होने पर संबंधित पार्षद की शिकायत पर काम की चलिटी कंट्रोल से जांच करायी जायेगी तब तक काम को रोक दिया जायेगा। अन्य वार्ड के पार्षद को शिकायत करने का अधिकार नहीं होगा।
इस बीच पूर्व में स्वीकृत व चालू करा दिये गये कार्यो की समयावधि बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी जोरदार हंगामा हुआ। पालिका अध्यक्ष सोनी ने कहा कि बारिश सहित अन्य कारणों से कुछ नहीं हो सके है, उनको कराने के लिए समयावधि बढ़ानी होगी। पालिका उपाध्यक्ष ज्ञानचंद धाकड़ ने सोनी का समर्थन करते हुए कहा कि अवधि बढ़ाना जरूरी है। पार्षद योगेश पारीक ने कहा कि अवधि एक माह बढ़ा दी जाए। कांग्रेस पार्षद हमीद खां ने कहा कि कौनसे काम है उनकी सूची व विवरण सदन में पेश किया जाए। कार्यो का विवरण तो ईओ पेश नहीं कर सकी। पालिका अध्यक्ष के निर्देश पर जेईएन मुकेश शर्मा ने अपनी डायरी से कुछ कामों को गिनाया।
प्रतिपक्ष नेता सेन ने गत वर्ष अतिवृष्टि के दौरान राज्य सरकार की ओर से दी ४५ लाख रू की राशि से भी पालिका अध्यक्ष पर मनमानी से काम कराने का आरोप लगया। सेन ने कहा कि मरम्मत के स्थान पर नई सड़क बना दी वो भी क्षतिग्रस्त हो गयी।
इस पर मनोनीत पार्षद कन्हैयालाल धाकड़ ने कहा कि काम का समय पर न होना तथा काम की चलिटी का न होना। यह काम पालिका प्रशासन को देखना चाहिए। समय पर काम न होने पर ठेकेदार के खिलाफ क्यों नहीं कार्रवाई की गयी। ऐसे सभी कामों के लिए सीधे जेईएन जिम्मेदार है। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने को कहा। धाकड़ ने इस दौरान पार्षदों से भी ठेकेदारों की पैरवी न करने का अनुरोध किया। इस पर भाजपा पार्षद धमेंद्र गगरानी मनोनीत पार्षद धाकड़ के खिलाफ आक्रामक हो गये। हमीद खां, नरेश व्यास, योगेश पारीक व भगवान सिंह ने काम को कराने की बात कही। बाद में पालिका अध्यक्ष के हस्तक्षेप से मामले को शांत किया गया।

निर्वाचित पार्षद ने मनोनीत पार्षद को दी चुनौति
भाजपा के निर्वाचित पार्षद धमेंद्र गगराणी ने हंगामे के दौरान ही राज्य सरकार की ओर से हाल ही मनोनीत पार्षद कन्हैयालाल धाकड़ को ही चुनौति दे डाली। गगराणी ने धाकड़ से कहा कि उनको बोर्ड बैठक में ठेकेदार व कामों के मामले में पार्षदों पर आरोप लगाने की जरूरत नहीं है। सरकार ने केवल सलाह देने के लिए ही मनोनीत किया है। आप भी दो बार पालिका अध्यक्ष रह चुके हो, काम कैसे होते है, आप भी जानते हो तथा हम भी जानते है।

शाहपुरा में लगेगी एलईडी लाइटें

बोर्ड बैठक में आज सर्वसम्मति से पालिका क्षेत्र में रोड लाइटों के स्थानों पर एलईडी लाईट लगाने का प्रस्ताव पास किया गया। यह कार्य पहले सदर बाजार में करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पोस्ट ऑफिस के बाहर हाई मास्क लाइट को पूर्व के स्थान पर लगाने का निर्णय लिया गया।

पार्क के विकास कार्य को लेकर हुआ हंगामा
प्रतिपक्ष नेता रमेश सेन ने उम्मेदसागर चौराहा के पास बन रहे मुखर्जी पार्क में अब तक कितनी राशि खर्च की है, उसका विवरण व पत्रावली मांगी तो उसको पेश करने के बजाय पालिका अध्यक्ष सोनी ने कहा कि सांसद कोष से २२ लाख रू व पालिका कोष से ९ लाख रू खर्च कर दिये गये। पार्षद हमीद खां ने कहा कि इतनी बड़ी राशि खर्च करने के बाद भी वहां कोई काम नजर नहीं आ रहा है। इसको लेकर भी हंगामा हुआ। क्षेत्रीय कांग्रेस पार्षद भगवान सिंह चौहान ने कहा कि अधिकांश भूखंड उनके वार्ड में विक्रय हो रहे है। इस पार्क के विकास पर और राशि खर्च होनी चाहिए। इस पर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि पार्क के सौंदर्यकरण की योजना को पूरा किया जायेगा। यह काम इस बोर्ड में तो पूरा होगा नहीं। आठ लाख रू की लागत से वहां पर बच्चों के मनोरंजन के साधन लगाये जायेगें। इतनी ही राशि लाईटों पर खर्च होगी।

ये भी लिए गए निर्णय
फुलियागेट के बाहर पथवारी पर चार दीवारी व हॉल का निर्माण कराने, विभिन्न समाजों के शमशान स्थलों पर विश्रांतिगृह का निर्माण, पालिका में दीपावली सजावट प्रतियोगिता कराने, सदर बाजार से अतिक्रमण को हटाने, बाहरी बस्तियों में अतिरिक्त लाइटें लगाने, बाहरी बस्तियों में पानी की निकासी के लिए पुलिया का निर्माण कराने, शाहपुरा में हाई मास्क लाइटे लगाने, पालिका की ओर से बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाये जाने, सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए प्रथम चरण में निकाली लॉटरी का अनुमोदन करने का निर्णय भी लिया गया।

इनका कहना है-
पालिका अध्यक्ष मनमानी कर काम करवा रहे है। कामों की गुणवत्ता कैसी है, यह किसी से छिपा नहीं है। पालिका अध्यक्ष गलत कामों व शिकायतों पर जांच कर पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं करवाते है। निर्माण कार्यो के टेंडर ही मिलीभगत कर ३३ प्रतिशत बीलो की दर से पास करवाये जाते है तो फिर जनता व शहर का भगवान ही मालिक है।
रमेश सेन, प्रतिपक्ष नेता

कामों की शिकायत की जांच होने पर दोषी को बख्शा नहीं जायेगा। शाहपुरा के विधायक द्वारा ही जांच करायी जा रही है। पार्षद भी अपने वार्डो में होने वाले कामों पर निगरानी रखें तथा पालिका को अपनी टिप्पणी देवें। गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाता है। बारिश से कुछ सड़के क्षतिग्रस्त हो गयी।
रघुनंदन सोनी, अध्यक्ष नगर पालिका

error: Content is protected !!