जन स्वास्थ्य अभियान्त्रिकी विभाग की 4.70 करोड़ की पेयजल योजना को मिली मन्जूरी
जयपुर। जलदाय मंत्री श्रीमती किरण माहेश्वरी ने अवगत कराया है कि उदयपुर संभाग में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा घोषित जिला राजसमन्द की देलवाड़ा पेयजल योजना को वित्त कमेटी की समीक्षा बैठक में प्रशासनिक स्वीकृति मिली है इसके अलावा राजसमन्द जिले की लसानी, कुवारियॉ, देवपुरा व निमन्जर पेयजल योजना के निविदा हेतु स्वीकृति भी प्रदान की गई है। सचिवालय में बुधवार को वित्त कमेटी की समीक्षा बैठक में नाथद्वारा तहसील की देलवाड़ा पेयजल योजना को 469.47 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई जिसके द्वारा देलवाडा गांव के 6289 लोगो को पेयजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जायेगी, साथ ही दो नये जलस्त्रोतो का विकास व बाघेरी का नाका परियोजना से अतिरिक्त पानी का उपयोग लेने के लिए क्षेत्र में पहाड़ पर दो पानी की टंकी का निर्माण किया जायेगा तथा 7 विभिन्न क्षमताओं का निर्माण जैसे भूतल जलाशयों मय पम्पिंग स्टेशन, नलकूपो व पम्पो, पाईप लाईनो का बदलना इत्यादि काम किये जायेगे ।
इसके अलावा देवगढ़ तहसील के गांव लसानी, कुवारियां, देवपुरा व निमन्जर की पेयजल योजनाओं के लिए निविदा निकालने हेतु स्वीकृति भी प्रदान की गई । इस योजना से क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान हो सकेगा।