गुजरात चुनाव प्रचार में जाएंगे राजस्थान के नेता

गुजरात विधानसभा चुनाव अभियान में राजस्थान के आधा दर्जन वरिष्ठ नेताओं के साथ ही करीब 50 अन्य नेता भी शामिल होंगे। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेश अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी, प्रतिपक्ष के उप नेता घनश्याम तिवाड़ी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, रामदास अग्रवाल सहित कई नेता शामिल होंगे।

राजस्थान से सटी गुजरात की सीमा वाले जिलों में चुनाव अभियान के लिए 50 अन्य नेता भी जाएंगे। इन नेताओं को जातिगत, राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से लगाया जाएगा।

चुनाव अभियान में गुजरात से सटे राजस्थान के सिरोही, जालौर जिलों से सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे।

राजस्थान भाजपा और गुजरात भाजपा की संयुक्त बैठक आज गुजरात के महसाना में हुई। इस बैठक में राजस्थान के साथ गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार की व्यूहरचना तैयार की गई। पार्टी के प्रदेश प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी और प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी समेत करीब सौ नेता इस बैठक में शामिल हुए।

error: Content is protected !!