रामदेव जी के मेलों में स्वास्थ्य संचार

सुजानदेसर व 32 हैड खाजूवाला में लगाईं गई आई.ई.सी. स्टॉलें

bikaner samacharस्थाई अपंगता और असाध्य रोगों से मुक्ति के लिए विख्यात लोक देवता रामदेव जी के सुजानदेसर व 32 हैड खाजूवाला में भरे भव्य मेलों में रोगों से बचाव व स्वास्थ्य चेतना हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा आई.ई.सी. स्टॉल लगाई गई। मेलों में स्वास्थ्य शिक्षा देते हुए जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी श्रद्धालुओं को दी गई। सुजानदेसर में ब्लॉक बीकानेर के बीपीएम ऋषि कल्ला के नेतृत्व में उपकेन्द्र की ए.एन.एम. सुन्दर देवी व आशा रुक्मणि गहलोत ने तथा 32 हैड खाजूवाला में डॉ. कैलाश मौर्य के निर्देशन में भामाशाह स्वास्थ्य मार्गदर्शक दमनदीप सिंह व दीपक शर्मा ने आई.ई.सी. स्टॉल की कमान संभाली और पम्फ्लेट्स का वितरण किया। टीम द्वारा मंदिर परिसर के आस-पास, दुकानों व अन्य स्थानों पर पोस्टर व बैनर भी लगाए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेन्द्र चौधरी ने बताया कि रामसा पीर सभी समुदायों में पूजे जाने वाले लोक देवता हैं इसलिए स्वास्थ्य विभाग के लिए ये जनचेतना का बहुत बढ़िया अवसर भी है। उन्होंने बताया कि मेलों में डेंगू-मलेरिया-मौसमी बिमारियों से बचाव के साथ-साथ आम जन को भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, राजश्री योजना, डायल एन एम्बुलेंस जीवन वाहिनी योजना, सुरक्षित मातृत्व दिवस, प्रसूति नियोजन दिवस आदि लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। बेटी बचाओ अभियान के लिए समाज के सूचना तंत्र को मजबूत करने के लिए टोल फ्री न. 104 व मुखबिर योजना से आम जन को रू-ब-रू करवाया जा रहा है। वहीँ सुरक्षित मातृत्व के लिए प्रसव पूर्व जांचों व संस्थागत प्रसव का महत्व बताया जा रहा है।
जिला आई.ई.सी. समन्वयक मालकोश आचार्य ने जानकारी दी कि विभाग ऐसे सभी मौकों पर स्वास्थ्य जन-जागरण का प्रयास कर रहा है। सोमवार को ही कोलायत में प्रभारी मंत्री डॉ. रामप्रताप के जन सुनवाई कार्यक्रम में बीसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा द्वारा मौसमी बिमारियों व भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना की जानकारी आमजन को दी गई। गजनेर में आयोज्य जेठा-भुट्टा मेला में भी विभाग द्वारा भव्य आई.ई.सी. स्टाल लगाईं जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी
बीकानेर

प्रेषकः- मोहन थानवी

error: Content is protected !!