रैली व बाल सभा आयोजन कर बच्चों ने दिया पेट के कीड़े मारने का सन्देश
राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड मण्डल मुख्यालय बीकानेर तथा स्वास्थ्य विभाग बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान हेतु जनजागरूकता रैली व बाल सभा का आयोजन किया गया। राबाउमावि लक्ष्मीनाथ घाटी, विजय बाल मन्दिर, शान्ति विद्या निकेतन, गोपेश्वर विद्यापीठ, नालन्दा पब्लिक सी. सै. स्कूल के 500 स्काउट गाइड विद्यार्थी अपने-अपने विद्यालयों से रैली के रूप में जागरूकता करते हुए शहर के गली चौराहों से होकर लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में एकत्रित हुए जहां बाल सभा आयोजित की गई।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य विभाग की राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन सलाहकार नेहा शेखावत ने कृमि मुक्ति में एल्बेंडाजोल की गोली को एक जादुई गोली बताते हुए सभी बच्चों को इसे जरूर खाने को प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता का महत्व बताते हुए हाथ धोने के सही तरीके का अभ्यास भी करवाया। जिला आई.ई.सी. समन्वयक मालकोश आचार्य ने कृमि संक्रमण से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रभाव, कुपोषण, एनीमिया व शारीरिक-मानसिक कमजोरी की जानकारी प्रदान की और बचाव के लिए उपाय भी बताये। उन्होंने बच्चों को समझाया कि किस तरह गंदे हाथों से खाना खाने, नंगे पाँव गन्दगी में खेलने और खुले में शौच करने से कृमि संक्रमण हो सकता है। आचार्य ने बताया कि एल्बेंडाजोल दवा पूर्ण सुरक्षित है जो बच्चे स्वस्थ दिखें उन्हें भी ये खिलाई जानी हैं क्योंकि कृमि संक्रमण का प्रभाव कई बार बहुत वर्षों बाद स्पष्ट दिखाई देता है। दवा से पेट के कीड़े मरते हैं इसलिए कुछ बच्चों में जी मिचलाना, उल्टी या पेट दर्द जैसे सामान्य छुट-पुट लक्षण हो सकते हैं लेकिन ये सामान्य व अस्थाई हैं। उन्होंने पोषण व स्वास्थ्य को लेकर प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की।
सी. ओ. स्काउट जसवन्तसिंह राजपुरोहित ने बताया 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति (डीवर्मिंग) दिवस के तहत 1 वर्ष से लेकर 19 वर्ष तक के बच्चों व किशोरों को आंगनबाडी केन्द्रांे, सरकारी-निजी विद्यालयों व मदरसों में पेट के कीड़े मारने की दवा एलबेण्डाजोल दवा निशुल्क खिलाई जाएगी। इसके बाद 15 फरवरी को मॉप अप दिवस मनाया जाएगा। इस दिन 10 फरवरी को छूटे हुए बच्चों को एलबेंडाजोल गोली खिलाई जायेगी। उन्होंने कृमि मुक्ति दिवस पर सभी विद्यार्थियों को एल्बेंडाजोल दवाई खाने एवं आस-पास के क्षेत्र में अन्य बच्चों को जागरूक करने की शपथ दिलाई। सी.ओ. गाइड मीनाक्षी भाटी ने स्कूलों एवं आंगनवाड़ी में दवाई वितरण कार्यक्रम में स्काउट गाइड की भूमिका को रेखाकिंत किया। प्राचार्य राउबामावि लक्ष्मीनाथ घाटी नें भी बालक-बालिकाओं को कृमि दिवस को सफल बनाने की बात कही। कार्यक्रम संपादन में रमेश मोदी, गिरिराज खैरीवाल, चंचल चौधरी, हरिनारायण आचार्य, विजय कुमार, राजलक्ष्मी मोदी, राणसिंह राजपुरोहित आदि का विशेष सहयोग रहा। स्थानीय संघ सचिव बृजमोहन पुरोहित ने सभी का आभार व्यक्त किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी