पं दीनदयाल विस्तारक योजना का द्वितीय चरण 10 से 17 सितंबर तक
बीकानेर 8 सितंबर 2017। इस वर्ष को भाजपा पं दीनदयाल उपाध्याय को समर्पित करते हुए गरीब की सेवा के संकल्प के साथ मना रही है। इसके तहत विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला देहात एवं शहर भाजपा कार्यकर्ताओं – विस्तारकों द्वारा पं दीनदयाल उपाध्याय बूथ विस्तारक योजना का द्वितीय चरण में 10 से 17 सितंबर तक जिले के प्रत्येक बूथ पर सेवाएं दी जाएंगी। यह जानकारी देते हुए देहात जिलाध्यक्ष सहीराम दुसाद ने कार्यकर्ताओं को आह्वान किया कि अभियान को एकजुट होकर सफल बनाएं। दुसाद यहां सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में योजना के द्वितीय चरण के तहत किए जाने वाले तमाम कार्यक्रमों के बारे में बता रहे थे। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन पर इस विस्तारक योजना का कार्य पूर्ण होगा। इस दिन जिले के 22 मंडलों के 1116 बूथों पर, घर-घर जाकर पार्टी की रीति नीति तथा सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे। सभी विस्तारक सांसद, विधायक, प्रधान,, उप प्रधान सहित तमाम पदाधिकारी, सदस्य, जनप्रतिनिधि अपने मंडलों में भाग लेंगे। प्रेस वार्ता में जिला शहर अध्यक्ष डा सत्य प्रकाश आचार्य ने 15 सितंबर से दो अक्टूबर तक स्वच्छता अभियान चलाए जाने, युवाओं को जोड़ने के लिए शहीद भगत सिंह जयंती पर 28 सितंबर से चार नवंबर तक खेलकूद सहित विभिन्न प्रस्तावित आयोजनों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर जिला मीडिया संपर्क विभाग प्रमुख एडवोकेट अशोक भाटी, जिला उपाध्यक्ष किशन गोदारा, कुंभाराम सिद्ध, प्रवक्ता दिनेश सारस्वत, मीडिया प्रमुख विक्रम सिंह राजपुरोहित, नापासर मंडल अध्यक्ष विनीत आसोपा, राजेंद्र मेघवाल आदि मौजूद थे।
– मोहन थानवी