तीस नवंबर तक करने होंगे पूर्ण, विकास अधिकारी को दिए मॉनिटरिंग के निर्देश
बीकानेर, 23 नवंबर। जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने गुरूवार को शोभासर, कानासर एवं बदरासर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्मित एवं प्रगतिरत आवासों का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2016-17 में स्वीकृत शत-प्रतिशत आवासों का निर्माण कार्य 30 नवंबर तक पूर्ण हो जाए। इसमें किसी प्रकार कोताही नहीं बरती जाए। भविष्य में भी इन कार्यों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्ण कार्यों की सीसी अपलोड की जाए तथा शत-प्रतिशत भुगतान भी सुनिश्चित किया जाए। कार्यों में गुणवत्ता एवं नॉम्र्स का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास अधिकारी को इनकी नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति का फीडबैक देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017-18 में स्वीकृत समस्त कार्य शीघ्र प्रारम्भ किए जाएं। इसके लिए विकास अधिकारियों को फील्ड विजिट करने के साथ, कार्मिकों की जिम्मेदारी तय करने को कहा।
एक दर्जन से अधिक कार्यों का किया अवलोकन
जिला कलक्टर ने तीनों ग्राम पंचायतों में लगभग पंद्रह आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थियों से भुगतान की स्थिति एवं गुणवत्ता के बारे में जाना। विकास अधिकारी कैलाश चौधरी ने बताया कि बीकानेर पंचायत समिति क्षेत्र में वर्ष 2016-17 में 600 आवास स्वीकृत हुए। इनमें से 510 को दूसरी तथा 210 को तीसरी किस्त जारी कर दी गई है। वर्ष 2017-18 में 1 हजार 125 आवासों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन्हें शीघ्र प्रारम्भ करवा दिया जाएगा।
नरेगा साइट पर लगे कार्यों के बोर्ड
जिला कलक्टर ने इस दौरान ग्राम पंचायतों में नरेगा रजिस्टर्स का अवलोकन किया। उन्हाेंने प्रगतिरत एवं पूर्ण कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा कहा कि नरेगा कार्यस्थल पर कार्यों की जानकारी से संबंधित बोर्ड लगाए जाएं। जिला कलक्टर ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए तथा कहा कि ग्रामीणों को इन योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
—–
बाट, माप सत्यापन शिविर आयोजित
बीकानेर, 23 नवम्बर। विधिक माप विज्ञान द्वारा देशनोक में मोहता धर्मशाला करणी मंदिर के पास बाट माप व अन्य उपकरणों इलेक्ट्रॉनिक कांटे, लीटर, मीटर आदि का सत्यापन शिविर आयोजित किया जा रहा है। सहायक नियंत्रक भंवर सिंह राठौड़ ने बताया कि शिविर में आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों के समस्त व्यापारी अपने बाट माप का सत्यापन व पुनर्सत्यापन करवा सकते हैं।
——-
नायक ने पूछी कुशलक्षेम
बीकानेर, 23 नवम्बर। राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य सुरजाराम नायक ने गुरूवार को पीबीएम अस्पताल पहुंचकर, माडिया गांव के पास हुई दुर्घटना में घायल लोगों की कुशलक्षेम पूछी। नायक ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. पी के बैरवाल से मरीजों को दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली। नायक ने घायल व्यक्तियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए, उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का विश्वास दिलाया।
——–
अमृता हाट का उद्घाटन शुक्रवार को
100 से अधिक महिला स्वयं सहायता समूह लेंगे भाग
बीकानेर, 21 नवम्बर। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण व विपणन कौशल को बढ़ावा देने के लिए पांच दिवसीय अमृता हाट मेला शुक्रवार को प्रारम्भ होगा।
महिला अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक मेघा रतन ने बताया कि जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट में बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र विधायक सिद्धि कुमारी सायं 4 बजे अमृता हाट का उद्घाटन करेंगी। उन्होंने बताया कि मेले में 100 स्टॉल लगाई जाएंगी। इन स्टॉल्स पर कशीदाकारी, हेन्डीक्राफ्ट सामान, केर सांगरी, गरम कपडे़, बड़ी-पापड़, फ्लावर्स, अचार मुरब्बा, लाख की चूड़ियां, कांच का सामान, सलवार सूट, रेडीमेड गारमेन्ट आदि की बिक्री की जाएगी। मेले के दौरान प्रतिदिन विभिन्न प्रतियोगिताएं, संगोष्ठियां, उद्यमिता-सेल्समेनशिप सत्र व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अमृता हाट के आयोजन में सह संयोजक जिला उद्योग केन्द्र, सह आयोजक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बीकानेर तथा सह व्यवस्थापक युवा भारत संस्थान बीकानेर हैं। हाट में अलवर से सरस्वती महिला स्वयं सहायता समूह चमड़े की जूतियां, बाडमेर से परिहास समूह कांच व कशीदाकारी का सामान, जोधपुर से श्री गणेश समूह पापड़ मसाले, लोहिला समूह मोजड़ी, भरतपुर से शारदा समूह भगवान की पोशाक, कोटा से तरन्नुम समूह कोटा डोरिया की साड़ियां, चूरू से अंकुर समूह रेशमी डोरी का सामान, बालाजी समूह द्वारा कांच व लाख की चूड़ियां, हनुमानगढ़ से सपना समूह द्वारा मिट्टी के बर्तन, जगदम्बा समूह द्वारा पायदान, मैट सहित राज्य के विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा अपने उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध करवाए जाएंगे।
—–
सेना भर्ती लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित
बीकानेर, 23 नवम्बर। श्रीगंगानगर में 29 अक्टूबर 20017 को आयोजित सेना भर्ती लिखित परीक्षा के सैनिक लिपिक पद (Sol Clk/SKT) पद का परिणाम गुरूवार को घोषित कर दिया गया। परीक्षा का परिणाम भारतीय सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in से प्राप्त कर सकते है। सभी सफल उम्मीद्वारों को 25 नवम्बर को प्रातः 7.00 बजे सेना भर्ती कार्यालय झुंझुनू में मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना है।