बीकानेर, 9 जनवरी। अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) यशवंत भाकर ने लूणकरनसर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत धीरेरां में मंगलवार को ग्रामीणों के अभाव अभियोग सुने और अधिकारियों को व्यवस्था सम्बंधी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
धीरेरा के अटल सेवा केन्द्र में भाकर ने पानी, बिजली, स्वच्छता व जल संरक्षण के सम्बंध में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने धीरेरा में क्षतिगर््रस्त विद्युत पोल बदलने तथा ढीले तारों को कसवाने को कहा। पेेयजल की मुख्य पाइपलाइन में ग्रामीणों द्वारा अवैध कनेक्शन लिए जाने को गंभीरता से लेते हुए कनिष्ठ अभियंता जलदाय को अवैध कनेक्शनों का चिन्हीकरण कर इन्हें हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस कार्य में सरपंच का सहयोग लेने को कहा। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा शौचालय भुगतान नहीं होने की शिकायत पर ग्रामसेवक को इस दिशा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ
भाकर ने धीरेरा स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलवाई और कहा कि विद्यार्थी सड़क सुरक्षा से सम्बंधित नियमों की पालना करेंगे तो वे संभावित दुर्घटना से बच सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से स्कूल के साथ गांव को स्वच्छ बनाने, वर्षा जल संरक्षण व विद्युत बचत करने की बात कही। इस मौके पर उपखंड अधिकारी रतनलाल स्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
—–
जिला स्तरीय औद्योगिक समिति की बैठक 15 जनवरी को
बीकानेर, 9 जनवरी। जिला स्तरीय औद्योगिक समिति की बैठक 15 जनवरी को जिला कलक्टर अनिल गुप्ता की अध्यक्षता में दोपहर 3.30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जायेगी। जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक ने बताया कि बैठक में जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के पास पावर कनेक्शन विचाराधीन मामले, भूमि रूपान्तरण व आंवटन के प्रकरण, पानी कनेक्शन, राजस्थान राज्य प्रदूषण निवारण व नियंत्रण मंडल के पास विचाराधीन मामले तथा राजस्थान वित्त निगम के पास विचाराधीन मामलों सहित विभिन्न प्रकरणों पर विचार विमर्श किया जाएगा।
—–
जयपुर परिधान 2018 के लिए आवेदन मांगे
बीकानेर, 9 जनवरी। जयपुर में 27 से 29 जनवरी तक आयोजित होने वाले जयपुर परिधान 2018 में भाग लेने के इच्छुक दस्तकार, हस्तशिल्पी, बुनकर, उद्यमी व एसएचजी से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक ने बताया कि इसके लिए संबंधित व्यक्ति, जिला उद्योग केन्द्र के कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। प्रदर्शनी में स्टॉल आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा। यह प्रदर्शनी एमएसएमई डवलपमेंट इस्टीट्यूट कैम्पस 22 गोदाम इण्डस्टि्रयल ऎरिया में आयोजित की जाएगी।
—–
शेखावाटी हस्तशिल्प एवं पर्यटन मेला 25 जनवरी से
बीकानेर, 9 जनवरी। शेखावाटी हस्तशिल्प एवं पर्यटन मेला 2018 झूंझुनूं के आबूसर स्थित ग्रामीण हाट में 25 से 31 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा।
जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक ने बताया कि इच्छुक दस्तकार, हस्तशिल्पी, बुनकर, उद्यमी व एसएचजी जिला उद्योग केन्द्र से सम्पर्क कर आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। स्टॉल का किराया राज्य के अन्य जिलों के हस्तशिल्प व खादी समितियों के लिए 3 हजार रूपए, सूक्ष्म लघु व मध्यम उद्यम व्यापारियों के लिए 5 हजार व वृहद उद्योग, बैंक, बीमा आदि के लिए 11 हजार रूपए रखा गया है।
—–
सोलर व ग्रीन हाउस की पत्रावलियां जमा करने की अंतिम तिथि 18 जनवरी
बीकानेर, 9 जनवरी। राजस्थान कृषि प्रतिस्पर्धात्मक परियोजना के तहत वर्ष 2017-18 के लिए खेरूवाला कलस्टर के इच्छुक किसान सोलर व ग्रीन हाउस की पत्रावलियां 18 जनवरी तक जमा करवा सकते हैं।
उद्यान विभाग के उपनिदेशक जगदीश चंद्र पूनिया ने बताया कि इच्छुक किसान एमटीजी से अनुमोदन करवाकर एनजीओ अर्पण सेवा संस्थान के माध्यम से 18 जनवरी तक आवश्यक रूप से पत्रावलियां कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके पश्चात प्राप्त होने वाली पत्रावलियों पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत खेरूवाला कलस्टर के लिए 399.37 लाख रूपए के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। अधिक पत्रावलियां प्राप्त होने पर लाभार्थी का चयन लॉटरी द्वारा किया जाएगा।
—-
युवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा स्वामी विवेकानंद का जन्मदिवस
मुख्य कार्यक्रम राजकीय महारानी स्कूल सभागार में
बीकानेर, 9 जनवरी। स्वामी विवेकानंद का 155 वां जन्म दिवस 12 जनवरी को ‘युवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस सम्बंध में मुख्य कार्यक्रम राजकीय महारानी स्कूल सभागार में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला कलक्टर अनिल गुप्ता की अध्यक्षता में सक्षम कोर टीम बनाई गई है। इस टीम में जिला पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त जिला कलक्टर, आयुक्त नगर निगम, नेहरू युवा केन्द्र के जिला युवा समन्वयक, जिला खेल अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, राजस्थान सेवा बोर्ड के मनोनीत सदस्य, जिले के यूथ अवार्डी, युवा विकास संस्थान के प्रतिनिधि को सदस्य बनाया गया है। सीओ स्काउट गाइड राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड को आयोजन सचिव बनाया गया है।
समारोह में एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट एण्ड गाइड, खिलाड़ी भाग लेंगे, साथ ही इस दौरान कौशल एवं रोजगार विभाग, महिला अधिकारिता एवं बाल विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसमें करियर काउंसलिंग, रोजगार, सामुदायिक स्वच्छता, भामाशाह योजना, योग ,कन्या भ्रूण हत्या के दुष्प्रभाव सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी भी दी जाएगी। समारोह में युवाओं को स्वामी विवेकानंद के सिद्धांतों एवं आदर्शोंं को अपनाने, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, शिक्षा की अलख, पौधारोपण, एमजेएसए में सहयोग जैसे विभिन्न बिंदुओं पर शपथ दिलाई जाएगी।
—-
परस्पर संवादात्मक स्कूली वचनबद्धता कार्यक्रम के प्रथम चरण बुधवार को
बीकानेर, 9 जनवरी। परस्पर संवादात्मक स्कूली वचनबद्धता कार्यक्रम वर्ष 2018 के प्रथम चरण के तहत भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी व उप जिला निर्वाचन अधिकारी विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
इसके तहत जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल गुप्ता दोपहर 12 बजे बिन्नाणी कन्या महाविद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी यशवंत भाकर दोपहर 2 बजे रामपुरिया लॉ कॉलेज में विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि युवा मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने व मतदान प्रक्रिया से अधिकाधिक जोड़ने के उद्देश्य से यह संवाद स्थापित किया जा रहा है। इस वर्ष जनवरी व जुलाई माह में दो चरणों में यह अभियान आयोजित होगा। जिले के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में अधिकारीगण चिन्हित स्कूलों का भ्रमण कर विद्यार्थियों से निर्वाचन सम्बंधी विषयों पर संवाद करेंगे। इस दौरान उन्हें मतदाता के रूप में पंजीकरण व मतदान प्रक्रिया से जुड़ी समस्त जानकारी विस्तार से दी जाएगी और उनकी जिज्ञासाओं का भी समाधान किया जाएगा। साथ ही ईवीएम या वीवीपेट से सम्बंधित जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी।