अन्याय का बदला लेंगे युवा, भाजपा का करेंगे सूपड़ा साफ

‘युवा संवाद’ के तहत युवाओं से हुए रूबरू पीसीसी सचिव किराड़ू
बीकानेर। भाजपा सरकार ने युवाओं के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई है। युवाओं को बड़े-बड़े सपने दिखाए गए, लेकिन साढे चार वर्षों में उनके हितों पर कुठाराधात हुआ है। इससे युवाओं में रोष है तथा वे समय का इंतजार कर रहे हैं। युवा, अपने साथ हुए अन्याय का बदला लेंगे और भाजपा का सूपड़ा साफ करते हुए विकास के लिए कांग्रेस के हाथों में प्रदेश की बागडोर सौंपेंगे।
प्रदेश कांग्रेस सचिव राजकुमार किराड़ू ने रविवार को वार्ड 5 में मुरलीधर व्यास नगर के सामुदायिक भवन में आयोजित ‘युवा संवाद’ के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को सिर्फ सपने ही दिखाए, लेकिन साढे चार वर्षों में ना ही तो सरकारी भर्तियां हुई और ना ही युवाओं के स्वरोजगार की राह खुली। इस कारण आज युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। किराड़ू ने कहा कि युवा घबराए नहीं और भाजपा की चिकनी-चुपड़ी बातों में नहीं आए। उन्होंने कहा कि ‘काठ की हांडी एक बार ही चढ़ती है’। जनता ने प्रदेश की सरकार और इसकी तानाशाही को देख लिया है। अब भाजपा का सफाया निश्चित है।
किराड़ू ने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के प्रकरण में केन्द्र और राज्य के मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। भाजपा के लिए यह मामला अब गले की हड्डी बन गया है। उन्होंने कहा कि सरकार में मंत्रियों और विधायकों की नहीं सुनी जाती जबकि अधिकारी सरकार चला रहे हैं। यह लोकतांत्रिक भावना के साथ छल है। उन्होंने कहा कि मुरलीधर व्यास नगर, शहरी क्षेत्र से सटती काॅलोनी है लेकिन पिछले नौ वर्षों में यहां भी विकास अवरूद्ध हुआ है। इस क्षेत्र के साथ लगातार सौतेला व्यवहार हुआ और ऐसा करने वाले अब जनता के बीच जा रहे हैं, लेकिन जनता सबकुछ समझ चुकी है।
पीसीसी सचिव ने कहा कि युवाओं को परिवर्तन का सूत्रधार बनना पड़ेगा, तभी उनका और प्रदेश का भविष्य संवर पाएगा। उन्होंने कहा कि वे प्रत्येक युवा से रूबरू होने का प्रयास कर रहे हैं और इसके बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। उनका उद्देश्य युवाओं को जागृत करते हुए प्रदेश की कुनीतियों से अवगत करवाना है। इस दौरान पूनम स्वामी, योगेश बिस्सा, राजा दुबे, गोपाल ओझा, पवन मिढ्ढा, लोकेश मिश्रा, उमेश ओझा, हंसराज डेलू, विकास ओझा, नितेश गौड़ और गोविंद सोनी आदि ने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन रोबिन बिस्सा ने किया।

error: Content is protected !!