जिला कलक्टर ने किया कलक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण

बीकानेर, 11 मई। जिला कलक्टर डॉ. एन. के. गुप्ता ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण करने के पश्चात् कलक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई रखने, रिकॉर्ड व्यवस्थित करने तथा पत्रावलियों को बेवजह लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कलक्ट्रेट के कार्मिक पूर्ण गंभीरता के साथ कार्य करें, जिससे आमजन को राहत मिल सके।
जिला कलक्टर ने न्याय, लेखा, सहायता, विधि, पंचायत, सामान्य, विकास, स्थापना सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। कार्मिकों से उनके द्वारा किए जाने वाले कार्य के बारे में पूछा। नियंत्रण कक्ष की शिफ्टिंग तथा सूचनाओं के आदान-प्रदान की प्रक्रिया के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि नियंत्रण कक्ष में नियुक्त कार्मिक पूर्ण मुस्तैद रहें। किसी प्रकार की सूचना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए। शौचालय को साफ-सुथरा रखने को कहा। विभिन्न शाखाओं में रखे हुए रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। रिसिप्ट-डिसपेच शाखा में पत्रावलियों के बारे में जानकारी ली।
डॉ. गुप्ता ने एनआईसी की विभिन्न गतिविधियों के बारे में जाना। एडीएम प्रशासन, एडीएम सिटी तथा जिला रसद अधिकारी कार्यालय की व्यवस्थाओं को भी देखा। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन यशवंत भाकर, अतिरिक्त कलक्टर नगर शैलेन्द्र देवड़ा तथा वरिष्ठ निजी सहायक माणक पुरोहित मौजूद थे।
——
उद्यामिता प्रोत्साहन योजना- ब्रॉयलर और दूध के उत्पादों से किया लाभ अर्जित
बीकानेर, 11 मई। वेटरनरी कॉलेज में विद्यार्थियों ने उद्यामिता प्रोत्साहन योजना में ब्रॉयलर उत्पादन और दूध के विभिन्न उत्पाद तैयार कर बिक्री से अच्छा लाभ अर्जित किया है। इसके लिए विश्वविद्यालय के स्नातक चतुर्थ वर्ष के छात्र-छात्राओं को ब्याज मुक्त राशि मंजूर करके 5 बैच को सुलभ करवाई गई। इन विद्यार्थियों ने उत्पादों की बिक्री कर मूल धन राशि विश्वविद्यालय को वापिस लौटा कर लाभ अर्जित किया।
पशुधन उत्पादन तकनीकी केन्द्र की प्रमुख प्रो. बसंत बैस ने बताया कि ब्रॉयलर उत्पादन कार्य के लिए विद्यार्थियों ने 100 चूजों से ब्रॉयलर तैयार किये। दूसरे बैच के विद्यार्थियों ने डॉ. आर.एन. कच्छवाह की देखरेख में दूध से पनीर, लस्सी, खोया और श्रीखंड के उप-उत्पाद तैयार कर बिक्री की। ब्रॉयलर का उत्पादन पोल्ट्री फॉर्म के डॉ. छोटू सिंह और डॉ. संजय सिंह की देखरेख में किया गया। बैस ने बताया कि वेटरनरी कॉलेज में प्रतिवर्ष उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के तहत छात्र-छात्राओं द्वारा ऎसे उत्पाद तैयार किये जाते हैं।
—–
जिला स्तरीय औद्योगिक समिति की बैठक 14 मई को
बीकानेर, 11 मई। जिला स्तरीय औद्योगिक समिति की बैठक 14 मई को दोपहर 3.30 बजे जिला कलक्टर डॉ. एन.के. गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी जिला उद्योग केन्द्र महाप्रबंधक आर के सेठिया ने दी।
—–
जिले से संबंधित बजट घोषणा की बैठक 23 मई को
बीकानेर, 11 मई। जिले से संबंधित बजट घोषणा वर्ष 2014-15, 2015-16, 2016-17, 2017-18 व 2018-19 की बैठक 23 मई को प्रातः 11 बजे जिला कलक्टर डॉ. एन.के. गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) शैलेन्द्र देवड़ा ने दी।

error: Content is protected !!