युवा महोत्सव ‘गोरबंध’ शुक्रवार को

बीकानेर, 18 मई। स्वामी केशवानन्द राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय का युवा महोत्सव ‘गोरबंध’ शुक्रवार को विश्वविद्यालय के इंडोर स्टेडियम में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी थे। उन्होंने कहा कि भारत की परंपरा एवं संस्कारों में समाज को मजबूत बनाने में खेती और गांव की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने किसानों और कृषि विश्वविद्यालय को साथ मिलकर कार्य करने का आह्वान किया तथा कहा कि विद्यार्थी खेतों में जाकर शोध कार्य करें। उन्होंने औषधीय पौधों के उत्पादन पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

विशिष्ठ अतिथि नगर विकास न्यास के अध्यक्ष महावीर रांका ने कहा कि भारत युवाओं का देश है। यह हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं को पूर्ण मनोयोग के साथ कार्य करते हुए देश को आगे बढ़ाने में सहयोग करना चाहिए।

मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए युवा मोर्चा के प्रशिक्षण विभाग के प्रदेश संयोजक सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि किसानों की आय वर्ष 2022 तक दोगुनी कैसे हो, इसमें कृषि का अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में 70 लाख किसान खेती का कार्य छोड़ चुके हैं, यह हमारे लिए सोचनीय मुद्दा है। हमें किसानों को पुनः खेती की ओर अग्रसर करना होगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रोफेसर बी आर छीपा ने कहा कि विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कृषि विद्यार्थियों को खेती की नए शोध करने चाहिए, जिससे किसानों को लाभ हो। उन्होंने संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला।

इससे पूर्व अतिथियों ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम समन्वयक तथा संकाय अध्यक्ष डॉ. आई. पी. सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया। केंद्रीय छात्रसंघ अध्यक्ष अशोक कुमार मीणा ने गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। छात्र कल्याण निदेशक डॉ. एस एल गोदारा ने विद्यार्थियों की सत्र 2017-18 की उपलब्धियों की जानकारी दी। प्रदेश प्रभारी वरुण श्योराण राष्ट्रीय महामंत्री सौरभ चौधरी ने युवाओं का मार्गदर्शन किया।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। अतिथियों द्वारा उन्हें समानित किया गया। इस दौरान तिरुपति में आयोजित एग्री फेस्ट में भागीदारी निभाने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार दिए गए। केंद्रीय छात्रसंघ सलाहकार डॉ. इंद्रमोहन वर्मा ने आभार जताया। संचालन बृजेन्द्र त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. चित्र हेनरी, संयुक्त सचिव अंकित खंडेलवाल, विद्यार्थी, डीन-डायरेक्टर, स्टाफ सहित आमजन मौजूद थे।

error: Content is protected !!