बीकानेर, 1 जून। मुख्यमंत्राी जल स्वावलम्बन अभियान के तृतीय चरण के अन्तर्गत जिले में चयनित 35 गांवों में 4 से 8 जून तक जल स्वावलम्बन सप्ताह मनाया जाएगा।
जिला कलक्टर डॉ एन के गुप्ता ने बताया कि सप्ताह के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक व धार्मिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी ली जाएगी। उन्होंने बताया कि चयनित प्रत्येक गांव में 4 जून को गांव स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित कर अभियान के दौरान अब तक संपादित की गई गतिविधियों व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा कार्य निरीक्षण किया जाएगा।
जिला कलक्टर ने बताया कि 5 जून को ग्रामवासियों के सहयोग से जल स्वावलम्बन सामूहिक रैली आयोजित की जाएगी तथा अभियान के तहत पूर्ण हुए कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर जनसहयोग के लिए 6 जून को धार्मिक सामाजिक संगठनों, दानदाताओं की कार्यशाला व सम्मान समारोह आयोजित होगा। 7 जून को ब्लॉक स्तरीय श्रमदान का आयोजन किया जाएगा। गुप्ता ने बताया कि सप्ताह के तहत 8 जून को जिला स्तरीय धार्मिक सामाजिक संगठनों, दानदाताओं की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि समस्त गतिविधियों के सम्पादन के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीत सिंह राजावत को जिला स्तर पर नोडल अधिकारी व ब्लॉक स्तर पर सम्बंधित विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सप्ताह के दौरान प्रतिदिन की प्रगति एमजेएसए पोर्टल पर अपलोड करवाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
——
मोरांे के संरक्षण के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक 6 जून को
बीकानेर, 1 जून। मोरांे के संरक्षण के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक 6 जून को दोपहर 4.30 बजे जिला कलक्टर डॉ एन के गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। बैठक में जिले में मोरों के शिकार प्रकरणों, समुचित सुरक्षा प्रदान करने के जारी निर्देशों की पालना, मोर पंख के अवैध संग्रहण व बेचान के प्रभावी रोकथाम व अपराधियों के विरूद्ध वन्यजीव (सुरक्षा) अधिनियम 1972 के तहत समुचित प्रभावी कार्यवाही सहित मोरों के संरक्षण के प्रभावी उपाय व मोर बाहुल्य क्षेत्रों की पहचान सहित विभिन्न बिन्दुओं की समीक्षा की जाएगी।
——
जिला पर्यावरण समिति की बैठक 6 जून को
बीकानेर,1 जून। जिला पर्यावरण समिति की बैठक जिला कलक्टर डॉ एन के गुप्ता की अध्यक्षता में 6 जून को दोपहर 4.30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी। बैठक में औद्योगिक रासायनिक अपशिष्ट पदार्थों के प्रबंधन व निष्पादन, पॉलिथीन बैग उपयोग पर रोकथाम, एमजेएसए के तहत वृृक्षारोपण कार्यों, ईट भट्टा, जिप्सम खनन क्षेत्रों की भूमियों, फैक्ट्रियों के प्रदूषण, राज्य स्तरीय व जिला स्तर पर दिए जाने वाले वर्ष 2018 के पुरस्कारों पर चर्चा की जाएगी।
——
18 जून तक प्रतिदिन आयोजित होगा सामूहिक योगाभ्यास
बीकानेर, 1 जून। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम को व्यापक बनाने के लिए 18 जून तक प्रतिदिन प्रातः 6 से 8 बजे तक गांधी पार्क में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित करवाया जाएगा। जिला नोडल अधिकारी डॉ राधेश्याम इन्दौरिया ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योगाभ्यास में कर्मचारी, अधिकारी और आमजन भाग लेंगे।