आईटी विभाग की भरतपुर संभाग स्तरीय कार्यशाला आयोजित

बीकानेर, 3 जून। भाजपा आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी ने रविवार को सवाईमाधोपुर में आईटी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की संभाग स्तरीय कार्यशाला में आईटी की आवश्यकता और महत्त्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में आईटी विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। कार्यकर्ताओं को इसे समझना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी मिलकर पूर्ण गंभीरता से कार्य करते हुए प्रदेश में एक बार फिर कमल खिलाने में प्रभावी भूमिका निभाएंगे।
जोशी ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनावों से लेकर कर्नाटक में हुए विधानसभा चुनावों तक आईटी भाजपा का प्रमुख माध्यम रहा। भाजपा ने इसे अपनी रणनीति का हिस्सा बनाया तथा प्रत्येक चुनाव में इसके बेहतर परिणाम आए हैं। राजस्थान के आगामी विधानसभा चुनावों मंे भी पार्टी इसी फाॅर्मूले के आधार पर कार्य करेगी। ऐसे में आईटी विभाग के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने आईटी विभाग के कार्यकर्ताओं को ‘साबइर योद्धा’ बताया तथा कहा कि चुनाव रूपी रण में हमें कांग्रेस के झूठे और भ्रामक प्रचार का जवाब भी देना होगा।
प्रदेश संयोजक ने कहा कि राष्ट्रीय तथा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आईटी विभाग को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्य हो रहा है। इसके पहले चरण में प्रदेश तथा संभाग स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन हो रहा है। इसके बाद जिलों में भी ऐसे कार्यक्रम होंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक युवाओं को आईटी से जोड़ने की अपील की तथा कहा कि आईटी विभाग का एक कार्यकर्ता, सौ सामान्य कार्यकर्ताओं के बराबर परिणाम दे सकता है। इसके लिए उसे सोशल मीडिया का समुचित तथा सकारात्मक उपयोग करना होगा।
सोशल मीडिया प्रभारी हीरेन्द्र कौशिक ने कहा कि सोशल मीडिया आज के दौर में विचारों के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम है। फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्सएप के माध्यम से पार्टी की योजनाओं और सरकार की योजनाओं को एक क्लिक के साथ लाखों लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। वेबसाइट प्रभारी रेशी शर्मा ने बीजेपी राजस्थान एप के माध्यम से नमो एप के बारे में बताया तथा इन्हें अधिक से अधिक डाउनलोड करने का आह्वान किया। कार्यक्रम संयोजक देवानंद परमार ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस दौरान सवाईमाधोपुर भाजपा के जिलाध्यक्ष सुरेश जैन, करोली के रमेश राजोरिया, सवाईमाधोपुर यूआईटी अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनीता वर्मा आदि मौजूद थे। पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र भाया ने प्रभावी उद्बोधन से कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। आईटी के संभाग प्रभारी ओम शुक्ला ने आभार जताया।

error: Content is protected !!