सफाई कर्मी भर्ती 2018ः नवनियुक्त कर्मचारियों को दिए नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री का आभार, पहली बार हुई 21 हजार सफाईकर्मियों की भर्ती-मेघवाल
बीकानेर, 15 जुलाई। सफाई कर्मी भर्ती-2018 के तहत चयनित 395 कर्मचारियों को रविवार को रविन्द्र रंगमंच में हुए भव्य समारोह में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
समारोह के मुख्य अतिथि केन्द्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल थे। उन्होंने कहा कि राज्य में 1972 के बाद पहली बार एक साथ 21 हजार सफाई कर्मियों की भर्ती हुई है। इसके लिए मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे का आभार व्यक्त करना चाहिए। नगरीय क्षेत्र को 395 नए कर्मचारी मिलने से सफाई व्यवस्था और अधिक दुरूस्त होगी। उन्होंने कहा कि 1923 में स्थापित नगरीय निकाय का हिस्सा बनने जा रहे सभी नवनियुक्त कर्मचारी शहर को स्वच्छता रैंकिंग में पहले नंबर पर लाने का संकल्प लें। जिस तरह सामूहिक प्रयासों की बदौलत इंदौर ने यह उपलब्धि हासिल की, बीकानेर भी इसका अनुसरण करे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर देश साफ-सुथरा और स्वच्छ दिखे। इसे साकार करने में नवनियुक्त कर्मचारियों की भूमिका महत्त्वपूर्ण रहेगी।
बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र विधायक डाॅ. गोपाल कृष्ण जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के ऐतिहासिक निर्णय की बदौलत शहर के 395 परिवारों के लिए अच्छे दिन आ गए हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार ने जुनून के साथ गरीबों और जरूरतमंदों के लिए कार्य किया है। केन्द्र सरकार द्वारा समर्थन मूल्य को बढ़ाकर डेढ गुना करना तथा राज्य सरकार द्वारा किसानों के 50 हजार रुपये तक के ऋण माफ करना ऐसे ही निर्णय है। केन्द्र सरकार 8 करोड़ परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन देगी तो राज्य में बरसात की बूंद-बूंद के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान चलाया जा रहा है।
महापौर नारायण चैपड़ा ने नवनियुक्त कर्मचारियों के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का पठन किया। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त 395 कर्मचारी, नगर निगम रूपी परिवार के सदस्य बन गए हैं। सभी कर्मचारी ‘स्वच्छता दूत’ के रूप में कार्य करते हुए शहर को साफ-सुथरा बनाने में अपनी भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे पहले मुख्यमंत्री की पहल पर नगर निगम को वर्ष 2015 में 529 सफाईकर्मी मिले। अब 395 नए सफाईकर्मियों का लाभ पूरे शहर को मिलेगा। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा शहरी क्षेत्र में शौचालय से वंचित स्कूलों में शौचालय बनवाए जाएंगे तथा इनकी नियमित साफ-सफाई की दिशा में कार्य किया जाएगा।
डाॅ. सत्यप्रकाश आचार्य ने कहा कि शहर को साफ-सुथरा रखना प्रत्येक नागरिक का कत्र्तव्य है। सभी साथ मिलकर जुटे तो वह दिन दूर नहीं जब बीकानेर का नाम देश के स्वच्छ शहरों मे शुमार हो जाएगा। सहीराम दुसाद ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से 395 परिवारों के लिए आज होली-दीवाली जैसी खुशियों का दिन है। सरकार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय की परिकल्पना को धरातल पर उतारा है। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन यशवंत भाकर तथा नगर निगम आयुक्त प्रदीप के. गावंडे भी मंच पर मौजूद थे।
कार्यक्रम में पार्षद शिवकुमार रंगा, सम्राट रंगा, भगवती प्रसाद गौड, गिरिराज जोशी, नरेश जोशी, भवानी शंकर आचार्य, दाऊलाल सेवग, कृष्णा कंवर, भवानी पारीक, सरला पड़िहार, राजा सेवग, लक्ष्मण महाराज, उम्मेद सिंह राजपुरोहित, विनोद धवल, श्याम सुंदर चांडक, राजेन्द्र पंवार, पाबूदान सिंह राठौड़, शिवलाल तेजी, रतनलाल चांवरिया, बाल किसन व्यास, असद रजा भाटी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।
—–
विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली आयोजित
बीकानेर, 15 जुलाई। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर रविवार को राजस्थान कौशल आजीविका विकास निगम, रोजगार कार्यालय, पोलिटेक्निक व आईटीआई काॅलेज के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रैली निकाली गई।
रोजगार विभाग के सहायक निदेशक हरगोविंद मित्तल ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली यहां से रवाना होकर सर्किट हाउस के सामने से भ्रमण पथ होती हुई मुख्यमार्ग से पुनः गांधी पार्क पहुंची। इस अवसर पर प्लेसमेंट सेल के सहायक निदेशक डाॅ. एल. सी. विश्नोई ने प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का समन्वय किया। आरएसएलडीसी के विवेक शर्मा ने कौशल दिवस के महत्त्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान युवाओं ने स्वच्छता की शपथ ली तथा सफाई अभियान चलाया। रविवार को ही उपक्षेत्रीय रोजगार कार्यालय में कैम्पस प्लेसमेंट शिविर का आयोजन हुआ। सहायक निदेशक मित्तल ने बताया कि बीकानेर मोटर्स कम्पनी के प्रतिनिधि द्वारा साक्षात्कार लिए गए। इसमें दस आशार्थियों का चयन किया गया।

error: Content is protected !!