बीकानेर, 01 अगस्त । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मुख्यालय माउंट आबू के दिव्यांग सेवा प्रभाग की ओर से दिव्यांगों के आध्यात्मिक, नैतिक व मानवीय मूल्यों के विकास के लिए निर्मित थ्री डी ऑडियो, वीडियों चित्र प्रदर्शनी का दो दिवसीय आयोजन मंगलवार व बुधवार को राजकीय उच्च माध्यमिक नेत्रहीन विद्यालय व राजकीय मूक बधिर विद्यालय में किया गया।
केन्द्र की प्रभारी बी.के.कमल ने बताया कि विश्व विद्यालय के दिव्यांग सेवा प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक ब्रह्माकुमार सूर्यमणि की ओर से निर्मित ऑडियो, वीडियो थ्री डी चित्र प्रदर्शनी को दोनों स्कूलों बच्चों, शिक्षक-शिक्षिकाओं ने रूचि से देखा तथा सराहा। दोनों कार्यक्रमों में ब्रह्माकुमार सूर्यमणि भाई ने ऑडियो, वीडियो व ब्रेललिपि में तैयार चित्रों के बारे में बताते हुए शांति व शक्ति की अनुभूति उपस्थितजनों को करवाई। उन्होंने ब्रेल लिपि में आध्यात्मिक चेतना की पुस्तक भी भेंट की। इसके अलावा बच्चों को आध्यात्मिक, नैतिक व मानवीय मूल्य चेतना के ब्रेललिपि में तैयार श्लोग्न भी दिए। बच्चों ने उत्साह व जोश के साथ श्लोग्न ’’ ईश्वर हमारे साथ है, तो डरने की क्या बात है’’ को दोहराया’’ तथा अच्छा इंसान बनने की संकल्प लिया। नियमित अच्छे श्लोकों का स्मरण रखेंगे तथा बेस्ट बनेंगे।
इस अवसर पर बी.के.कमल ने विद्यार्थियों तथा शिक्षकों को राज योग का अभ्यास करवाया तथा आध्यात्मिक, शैक्षणिक, नैतिक व मानवीय मूल्यों की उन्नति का आशीर्वाद दिया। नेत्रहीन विद्यालय के प्राचार्य अलताफ अली, मूक बधिर स्कूल की प्राचार्य पद्मा तुलसानी ने समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की मंशा रखते हुए अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम को अनुकरणीय, प्रेरणा दायक बताया। दिव्यांग बालक मुस्तफा ने ब्रह्माकुमारी विश्व विद्यालय के गीत ’’ये मत कहो खुदा से मेरी मुश्किलें बड़ी है, इन मुश्किलों से कह दो मेरा खुदा बड़ा है’’ सुनाकर सराहना लूंटी। इस अवसर पर सेवानिवृत विद्युत निगम के एस.सी.एस.के.शर्मा, शिक्षा विभाग की पूर्व अधिकारी श्रीमती सुमन सिंह आदि मौजूद थे।