व्यापारी बनाएंगे मानव शृंखला, सैकड़ों व्यापारी जताएंगे विरोध

कार्यालय को कब्जामुक्त करवाने व फर्जी कार्यकारिणी पर कार्यवाही की मांग
बीकानेर। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के कार्यालय का भौतिक कब्जा दिलवाने हेतु शुक्रवार सुबह 11:00 बजे जिलाधीश कार्यालय के आगे मानव शृंखला बना कर प्रदर्शन किया जाएगा। उक्त जानकारी देते हुए डी.पी. पच्चीसिया ने बताया कि प्रशासन को यह दर्शाया जाएगा कि तथाकथित फर्जी कार्यकारिणी के साथ किसी भी तरह का सरोकार रखा गया तो वह गैर कानूनी व अन्यायपूर्ण होगा। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल की एक ही कार्यकारिणी है जिसके अध्यक्ष जुगल राठी हैं तथा बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के कार्यालय को भी कब्जामुक्त किए जाने के सम्बन्ध में सभी व्यापारी एकजुट होकर मानव शृंखला बनाएंगे।
सचिव वीरेन्द्र कुमार किराड़ू ने बताया कि उक्त फर्जी कार्यकारिणी के साथ प्रशासन द्वारा यदि क्रिकेट मैच खेला जाता है अथवा बीकानेर व्यापार मंडल के नाम का दुरुपयोग करके कोई भी गतिविधि की जाती है तो वह गैर कानूनी होगी जिसका सभी व्यापारियों द्वारा विरोध किया जाएगा।
यह है मामला-
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने बताया कि बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल बीकानेर की प्रतिष्ठित संस्था है। उक्त संस्था के चुनाव वर्ष 2009 में हुए थे, संविधान के मुताबिक वर्ष 2009 की कार्यकारिणी का कार्यकाल दो वर्ष का था किन्तु तत्कालीन अध्यक्ष शिवरतन अग्रवाल, कन्हैयालाल बोथरा एवं अन्यों द्वारा चुनाव नहीं करवाने एवं चुनाव में बाधा उत्पन्न करने के कारण संस्था को जरिए बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल संरक्षक परिषद जिला न्यायाधीश के समक्ष वाद पेश करना पड़ा था। अपर जिला न्यायाधीश सं. 4 ने संरक्षक परिषद के स्थगन प्रार्थना पत्र में आदेश दिया कि दोनों पक्ष संविधान के तहत नियम व उपनियम के साथ तीन माह में चुनाव करवाएं। इसके बाद शिवरतन अग्रवाल, कन्हैयालाल बोथरा, विष्णु पुरी, मक्खन अग्रवाल अपदि ने मिलकर फर्जी तरीके से दस्तावेज तैयार करके एक कमरे में बैठकर बिना चुनाव करवाए फर्जी तरीके से बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल की कार्यकारिणी घोषित कर दी। इस कार्यकारिणी में अध्यक्ष रघुराज सिंह को बना दिया तथा अन्य पद आपस में बांट लिए गए। उक्त फर्जी कार्यकारिणी के विरुद्ध एफआईआर एवं कन्टेंप्ट की कार्यवाही की जा रही है।

error: Content is protected !!