बीकानेर,27 दिसम्बर। जिला कलक्टर कुमारपाल गौतम ने गुरूवार को पीबीएम अस्पताल के विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया तथा अस्पताल में जनसहभागिता योजना के तहत भामाशाह द्वारा करवाएं गए निर्माण कार्य तथा भेंट किए गए उपकरणों की सराहना की और कहा कि योजना के तहत बीकानेर में हुए कार्य प्रदेश में अपने आप में मिसाल है।
जिला कलक्टर ने जनाना अस्पताल,बच्चों का आईसीयू,ट्रोमा संेटर,सुपर स्पेशलिटी ब्लाॅक का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने मानसिक रोग विभाग,हद्य रोग विभाग व यूरोलाॅजी विभाग का भी अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्यों को गुणवता के साथ निर्धारित समय में पूरा करवाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे निरन्तर बनाये रखने की आवश्यकता जताई। उन्होंने जनाना अस्पताल के वार्ड में भर्ती रोगियों से बातचीत में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं में उन्हें लाभ मिल रहा है या नहीं,इसके बारे में जानकारी ली। उन्होंने रोगियों को मिल रहे उपचार व अन्य सुविधाओं पर भी संतोष व्यक्त किया।
इस दौरान मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डाॅ.आर.पी.अग्रवाल,अतिरिक्त प्राचार्य डाॅ.एल.ए.गौरी,पीबीएम अधीक्षक डाॅ.पी.के.बेरवाल मौजूद थे।