बजट में बीकानेर की हुई घोर उपेक्षा

बीकानेर, 20 फरवरी। भाजपा आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा पेश किए गए राज्य के बजट में बीकानेर की घोर उपेक्षा की गई है। यहां से दो-दो मंत्री होने के बावजूद जिले के पक्ष में कोई बड़ी घोषणा नहीं की गई है। इससे स्थानीय लोग खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। बजट में बीकानेर में औद्योगिक एवं पर्यटन विकास की संभावनाओं को नजरअंदाज किया गया है। यहां तक की विद्युत, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं उच्च शिक्षा विभाग से संबंधित बड़ा निर्णय भी बीकानेर के पक्ष में नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि बजट को आंकड़ों का मायाजाल बनाया गया है। यह दिशाहीन और अदूरदर्शितापूर्ण बजट है। निरोगी राजस्थान में सिर्फ 100 करोड़ के बजट का प्रावधान किया गया है, जो ऊंट के मुँह में जीरे के समान है। कर्मचारियों को आठ महीने बाद डीए स्वीकृत कर वाहवाही लूटने का प्रयास किया जा रहा है। संविदा कार्मिकों को नियमितीकरण की लॉलीपॉप दी जा रही है, लेकिन इस सम्बंध में कोई घोषणा नहीं की गई है। बजट से युवाओं को उम्मीदें थी, लेकिन उनके हितों पर कुठाराघात हुआ है। गहलोत सरकार के पहले बजट की अधिकतर घोषणाओं की क्रियान्विति नहीं हुई हैं और नए घोषणाएं कर दी गई है, जो पूर्व की तरह थोथी साबित होंगी।

error: Content is protected !!