जयपुर : 27 दिसंबर / राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) के मुख्य संरक्षक एवं प्रशासनिक अध्यक्ष सियाराम शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र शर्मा एवं पूर्व जिलाध्यक्ष शिवराम शर्मा ने जयपुर में ओटीएस स्थित मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। प्रदेश उपाध्यक्ष भगवत डांगी ने बताया कि मुख्यमंत्री को संगठन की ओर से शिक्षा में सुधार हेतु सुझाव पत्र के माध्यम से दिए गए।मुख्यमंत्री को दिए सुझाव व मांग पत्र में स्थाई व पारदर्शी स्थानांतरण नीति बनाना, संसाधनों व शिक्षकों की कमी से जूझ रहे बड़े पैमाने पर हिन्दी माध्यम से अंग्रेजी माध्यम में परिवर्तित किए गए विद्यालयों की समीक्षा करना, शिक्षक समानीकरण करना, अध्यापक लेवल- 1 व 2 शिक्षकों के स्थानांतरण की नीति बनाकर शीघ्र स्थानांतरण करना, अध्यापक से वरिष्ठ अध्यापक, वरिष्ठ अध्यापक से व्याख्याता, उप प्रधानाचार्य से प्रधानाचार्य,प्रधानाचार्य से जिला शिक्षा अधिकारी पद पर पदोन्नति हेतु विगत वर्षों की बकाया डीपीसी करना आदि शामिल है। मुख्यमंत्री ने भेंट के दौरान सुझाव व मांगों पर आवश्यक कार्यवाही करने का पूरा आश्वासन दिया,साथ ही उन्होंने आगामी बजट से पूर्व भी संगठन पदाधिकारियों को अपने सुझावों के साथ आमंत्रित करने का भरोसा दिलाया।