प्रदेशाध्यक्ष चुनाव में अब दिल्ली जाएंगे जिलाध्यक्ष

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पर नेताओं से चर्चा के बाद प्रदेश प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी दिल्ली लौट गए हैं। वहीं कुछ नेता अपनी बात राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखने के लिए दिल्ली जाने की तैयारी में जुटे हैं। इसी बीच अब प्रदेशाध्यक्ष के विवाद में स्थानीय जिला इकाइयां भी शामिल होने लगी हैं।

सूत्रों के अनुसार सोलंकी के जाने के बाद भाजपा के एक दर्जन विधायक और कुछ अन्य स्थानीय नेता दिल्ली में जाने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं जिला इकाइयां भी मैदान में आ गई हैं। इसके लिए करीब आधा दर्जन जिला स्तर के नेता सोलंकी से मिलने प्रदेश कार्यालय भी गए। अब कुछ जिलाध्यक्ष दिल्ली जाकर केंद्रीय नेताओं से मिलने की तैयारी में हैं।

बताया जा रहा है कि सोलंकी जयपुर में नेताओं से मिले फीडबैक को दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखेंगे। इस फीडबैक के बाद ही केंद्रीय नेतृत्व से प्रदेशाध्यक्ष के फैसले के लिए अरुण जेटली व अन्य नेता जयपुर आएंगे। माना जा रहा है पार्टी चुनावी साल को देखते हुए प्रदेशाध्यक्ष और चुनाव में नेतृत्व का फैसला सर्व सहमति से करना चाहती है। इसी वजह से पार्टी सभी पक्ष को सुनने के साथ मिलने आ रहे नेताओं को अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया जा रहा है।

error: Content is protected !!