एक तिरंगा – एक भारत, कार्यक्रम में गूंजा सम्मान, समानता और समावेशन का संदेश

जयपुर, 7 स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में कला मंज़र संस्था द्वारा संचालित “हैंड्स टुगेदर अभियान” के अंतर्गत कोणार्क अकादमी सोसायटी के सहयोग से “एक तिरंगा – एक भारत” (सम्मान • समानता • समावेशन) कार्यक्रम का भव्य आयोजन शुक्रवार को उमंग स्कूल, जयपुर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग एवं सामान्यजन के बीच सम्मान, समान अवसर और समावेशी समाज की भावना को सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल बी. बी. पटनायक (सेवानिवृत्त), पूर्व कमांडर, 3 ग्रेनेडियर्स तथा प्रतिमा पटनायक रहे। अध्यक्षता वरिष्ठ नृत्य गुरु एवं अभिनेत्री उषा श्री ने की। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान की सुप्रसिद्ध लोक गायिका एवं “राजस्थान की लता मंगेशकर” के नाम से विख्यात मरू कोकिला सीमा मिश्रा उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में बसंत जैन तथा राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त लघुचित्र (मिनिएचर) कलाकार अजय गर्ग ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं श्रीमती प्रतिमा पटनायक के नेतृत्व में सामूहिक “वन्दे मातरम्” की भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन देते हुए कला मंज़र संस्था एवं हैंड्स टुगेदर अभियान की संस्थापक श्रीमती मीनाक्षी माथुर ने कहा कि “एक तिरंगा – एक भारत” केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ऐसा सामाजिक अभियान है जो सम्मान, समानता और समावेशन के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य कर रहा है। संस्था की अध्यक्ष शोभा सक्सेना द्वारा इस अवसर पर सभी अतिथियों का स्मृति-चिह्न, तिरंगा चुनरी एवं तिरंगा ब्रोच भेंट कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रीनिर्मल विवेक स्पेशल स्कूल के बौद्धिक रूप से विशेष बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन शिवानी शर्मा द्वारा कुशलता पूर्ण सुव्यवस्थित ढंग से किया गया। कार्यक्रम में लक्की मीना ने सांकेतिक भाषा (साइन लैंग्वेज) के माध्यम से मंच संचालन एवं प्रस्तुतियों को श्रवण दिव्यांगजनों के लिए सुगम बनाकर समावेशन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के उपरांत सभी प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!