भीलवाड़ा, 11 अगस्त 2026।
प्रकृति संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं हरित भविष्य का संकल्प लेते हुए पूर्वांचल जनचेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा मंगलवार को “एक पौधा भविष्य के नाम” अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, मौखमपुरा, आजाद नगर, गांधीनगर, भीलवाड़ा में पौधारोपण कर की गई।
इस मानसून पूर्वांचल जनचेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा पूरे भीलवाड़ा शहर में 500 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। अभियान का उद्देश्य शहर को हराभरा बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल के लिए समाज को प्रेरित करना है।
कार्यक्रम संरक्षक श्री रजनीश जी वर्मा के मार्गदर्शन एवं अनुराधा झा के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर अनुराधा झा ने कहा, “एक पौधा केवल मिट्टी में लगाया गया पौधा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन, स्वच्छ हवा और छांव का संकल्प है। हमारा प्रयास है कि इस मानसून लगाए जाने वाला प्रत्येक पौधा सुरक्षित रहे और भविष्य में एक मजबूत वृक्ष बने।”
उन्होंने कहा कि “एक पौधा भविष्य के नाम” अभियान के माध्यम से समिति लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास कर रही है। 500 पौधों का यह संकल्प भीलवाड़ा को हरित और सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पौधारोपण कार्यक्रम में मीना देवी झा ,शिल्पी सिंह, अनामिका पंडित, अंबिका पंडित, पार्वती प्रजापत, सुनीता पासवान, कविता सेन, लीला कन्नौज, अनुष्का सेन, पिंकी, भूपेंद्र सोनी, पिंकी सोनी, आशीष जी सोनी, वैभव जी जोशी, सुनील झा, सावित्री देवी, निर्मला देवी, जानकी देवी, अनिता देवी, प्रियंका देवी, रेखा देवी, पूनम झा, मनीषा शर्मा एवं आशा बेरवा सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
समिति ने शहरवासियों से अपील की कि वे भी इस मानसून कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लें, क्योंकि आज लगाया गया एक पौधा ही आने वाले कल में किसी के लिए छांव, किसी के लिए स्वच्छ हवा और पूरी पीढ़ी के लिए जीवन का आधार बनेगा।
“एक पौधा भविष्य के नाम — आज का संकल्प, कल की हरियाली।”