त्रिलोक झा और श्याम सिंह के छठ गीतों ने बांधा समां
भारती मेहता और नैना सिंह की मौजूदगी रही आकर्षण का केंद्र, मानसरोवर झील पर भक्ति, संगीत और लोक संस्कृति का दिखा संगम
भीलवाड़ा, 14 नवंबर। वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर शनिवार शाम भोजपुरी संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की ऐसी छटा बिखरी कि मानसरोवर झील परिसर भक्ति और उत्साह से सराबोर हो उठा। पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित दो दिवसीय छठ महोत्सव के पहले दिन भोजपुरी फिल्मी सितारों और नामचीन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। भोजपुरी अभिनेत्री भारती मेहता और नैना सिंह की मौजूदगी के बीच गायकों के छठ गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
कार्यक्रम में स्टार गायक त्रिलोक झा ने अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने ‘कर्पूर गौरं करुणावतारं’ की स्तुति से वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। इसके बाद ‘गंगा जी के शीतल पनिया, अरे घर लेके भागतीन थार’ और ‘लचके ला बहंगी, झूमेला बिहरिया’ जैसे भोजपुरी लोक एवं छठ गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
वहीं छपरा के सुपरस्टार गायक श्याम सिंह ने अपनी भोजपुरी गायकी से कार्यक्रम में अलग ही रंग जमा दिया। उन्होंने ‘मंगल के दाता, हुआ बिगड़ी बनाई जी’ से भक्ति रस घोला तो ‘रेलगड़िया धराई द बलमुआ, जाइब छठ’ और ‘विद्या बनाई द छठी घाटे, देवरू’ जैसे गीतों से छठ महापर्व की पारंपरिक लोक संस्कृति को जीवंत कर दिया। उनके गीतों पर दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ कलाकारों का स्वागत किया। गायिका संजना राय ने दिया भक्तिमय “कोन संकट परल तोहार दीनानाथ”
” उगा है सूरज देव”
“कांचे ही बांस के बहंगिया”
मुंबई फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री भारती मेहता कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं। फिल्म, वेब सीरीज, ओटीटी और टेलीविजन के विभिन्न प्रोजेक्ट्स में अपनी अभिनय प्रतिभा दिखा चुकीं भारती मेहता की मौजूदगी ने दर्शकों में खास उत्साह पैदा किया। भोजपुरी अभिनेत्री नैना सिंह ने भी मंच पर विशेष प्रस्तुति दी। सुप्रसिद्ध गायिका संजना ने छठ के पारंपरिक गीतों से श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। वहीं नृत्यांगनाओं यीशु गुप्ता और आरोही ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक संध्या में चार चांद लगा दिए। दिल्ली के टीजे एंटरटेनमेंट के तत्वावधान में आयोजित इस संध्या में भोजपुरी संगीत और लोक संस्कृति का शानदार संगम देखने को मिला।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष रजनीश वर्मा ने बताया कि छठ महापर्व पूर्वांचल की संस्कृति और परंपराओं का प्रमुख पर्व है। यह केवल सूर्य उपासना का धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला लोक आस्था का महापर्व है। चार दिवसीय छठ पर्व 13 से 16 नवंबर तक पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जा रहा है। व्रती निर्जला उपवास रखकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हैं।
महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार, 15 नवंबर को शाम सात से रात दस बजे तक लेबर कॉलोनी स्थित श्रम कल्याण केंद्र मैदान में भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। समीर शर्मा एंटरटेनमेंट के माध्यम से वृंदावन से आने वाले कलाकार देवी-देवताओं की लीलाओं का सजीव मंचन करेंगे। धार्मिक झांकियां, भक्ति संगीत और भोजपुरी गायकों की लाइव प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेंगी।
रजनीश वर्मा ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि पूर्वांचल की समृद्ध धार्मिक विरासत, लोकगीतों, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। आयोजन समिति की ब्रांड एंबेसडर अनोखी राजस्थानी सहित समिति के सदस्यों ने आयोजन में सहयोग किया। समिति की ओर से शहरवासियों से दूसरे दिन के कार्यक्रम में भी सपरिवार शामिल होकर छठ महोत्सव को सफल बनाने की अपील की गई। आयोजन समिति के सदस्य रहे मौजूद*
इस अवसर पर आयोजन समिति की ब्रांड एंबेसडर अनोखी राजस्थानी व समिती के सदस्य दिनेश साहनी, बबलू सिंह, अनुराधा झा, शिल्पी सिंह, रामवती देवी, पूनम, मंजू देवी, राजऋषि,, वैभव जोशी, चिराग ट्रेलर, राकेश मानसिंहका, गोपाल माली, ललित अग्रवाल, चेतन मानसिंह, राजकुमार माली, लीलकांत चौधरी, मुरली मनोहर सेन, महावीर तेली सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।
**पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 15 नवंबर 2026 को श्रम कल्याण केंद्र लेबर कॉलोनी के प्रांगण में वाटर वर्क्स में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए तथा समस्त भीलवाड़ावासियों को इस भव्य छठ महोत्सव में सपरिवार सम्मिलित होकर लोक आस्था, भोजपुरी संगीत, भारतीय संस्कृति और भक्ति के इस अनुपम उत्सव का साक्षी बनने का आमंत्रण दिया गया है।**