जेटली संभालेंगे चुनावी कमान, मोदी होंगे स्टार प्रचारक

राजस्थान भाजपा की चुनावी कमान राज्यसभा में प्रतिपक्ष के नेता अरुण जेटली संभालेंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी राजस्थान विधानसभा चुनाव में पार्टी के स्टार प्रचारक होंगे। मोदी के साथ ही एक दर्जन नेताओं को राजनीतिक एवं जातिगत आधार पर चुनाव प्रचार की कमान सौंपने जाने का भी निर्णय हुआ है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भाजपा की नई प्रदेश अध्यक्ष होंगी। विधानसभा चुनाव में उन्हें मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट करने के साथ ही वरिष्ठ नेताओं की चुनाव समिति बनाई जाएगी,इस समिति के मुखिया जेटली होंगे।

विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण का काम जेटली चुनाव समिति में शामिल प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श करके करेंगे।

भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने राज्य के वरिष्ठ नेताओं को आलाकमान के इस निर्णय की जानकारी दे दी, जेटली और वसुंधरा राजे की जिम्मेदारी पर शुक्रवार को भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में मुहर लगेगी एवं अगले ही दिन इसकी घोषणा होगी।

चुनावी रणनीति तय करने और चुनाव के लिहाज से निर्णय करने के लिए जेटली अगले सप्ताह प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाएंगे। इसके बाद जेटली राज्य का दौरा करने के साथ ही विधायकों एवं पार्टी के जिला अध्यक्षों से व्यक्तिगत मुलाकात करेंगे।

आलाकमान के निर्णय के बाद पिछले एक सप्ताह से दिल्ली में जमें वसुंधरा राजे विरोधी खेमे के नेता आज जयपुर लौट आए।

सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने केन्द्रीय नेताओं से विचार-विमर्श के बाद प्रदेश के नेताओं को निर्णय की जानकारी दी और भाजपा को सत्ता में लाने के लिए मिलकर काम करने की सलाह दी। वसुंधरा राजे को भी सभी नेताओं को साथ लेकर चलने के लिए कहा गया है। हालांकि संघ और संगठन से जुड़े राजस्थान के कुछ नेता अभी भी चुनाव से पूर्व वसुंधरा राजे को मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट नहीं करने और पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रामदास अग्रवाल को प्रदेश अध्यक्ष बनाने को लेकर अड़े हुए है, लेकिन वसुंधरा राजे की लोकप्रियता एवं पार्टी विधायकों, सांसदों, कार्यकर्ताओं में उनकी पकड़ को देखते हुए आलाकमान उन्हें मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट करने और अध्यक्ष बनाने को तैयार हो गया। टिकट वितरण की कमान भी वसुंधरा राजे के हाथ में ही रहेगी। चुनाव संचालन समिति तो बनेगी, लेकिन पूरा चुनाव अभियान वसुंधरा राजे ही संभालेगी।

गौरतलब है कि राजनाथ सिंह के अध्यक्ष पद संभालने के बाद से ही वसुंधरा समर्थक ओर विरोधी दिल्ली में डेरा डाले हुए थे। वसुंधरा विरोधी खेमे की कमान संभाल रहे वरिष्ठ नेता गुलाब चंद कटारिया, प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, घनश्याम तिवाड़ी सहित संघ से जुडे़ कई नेता एक सप्ताह से दिल्ली में डटे हुए थे जो गुरुवार को वापस लौट गए।

error: Content is protected !!