कटारिया चुने गए नेता प्रतिपक्ष

bjpजयपुर । वसुंधरा राजे के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चुने जाने के बाद भाजपा विधायक दल की बैठक में आज गुलाबचंद कटारिया को सर्वसम्मति से नेता प्रतिपक्ष चुना गया। अब गुरुवार से शुरू होने वाले विधानसभा के बजट सत्र में अशोक गहलोत सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने के लिए भाजपा विधायक कटारिया के नेतृत्व में ही सारी रणनीति बनाएंगे।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में वसुंधरा राजे की अध्यक्षता में बुधवार दोपहर विधायक दल की बैठक हुई। इसमें बतौर पर्यवेक्षक प्रदेश प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी और राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव मौजूद थे। सबसे पहले सचेतक राजेन्द्र राठौड़ ने नए नेता के चुनाव की औपचारिक घोषणा की। इस पर नेता प्रतिपक्ष पद से वसुंधरा राजे ने इस्तीफा देने की घोषणा करते हुए नए नेता प्रतिपक्ष के रूप में कटारिया के नाम का प्रस्ताव रखा। इसका उप नेता घनश्याम तिवाड़ी समेत कई विधायकों ने मंच पर आकर समर्थन किया।

सर्वसम्मति बनने के बाद भाजपा के प्रदेश प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी ने नेता प्रतिपक्ष के रूप में कटारिया के नाम की औपचारिक घोषणा की। इस दौरान सोलंकी ने विधानसभा में आक्रामक होने की सलाह दी। इसके बाद कटारिया ने मंच से धन्यवाद देते हुए सबका आभार जताया। उन्होंने कहा कि जो उत्तारदायित्व सौंपा है, उसका ईमानदारी से निर्वहन करूंगा।

गौरतलब है कि भाजपा में नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर काफी लम्बा विवाद चला था। इस विवाद को निपटाने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने वरिष्ठ नेता अरुण जेटली को जिम्मेदारी सौंपी थी और जेटली ने काफी प्रयासों के बाद वसुंधरा को प्रदेश अध्यक्ष एवं कटारिया को नेता प्रतिपक्ष बनाने का निर्णय किया। हालांकि इस निर्णय से भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रामदास अग्रवाल और दिग्गज नेता घनश्याम तिवाड़ी नाराज है।

error: Content is protected !!