कांग्रेस ने किए वसुंधरा से सात सवाल

congress logoजयपुर। प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कांग्रेस शासन को महिला विरोधी बताने पर कड़ा ऐतराज व्यक्त करते हुए उनसे सात सवाल पूछे हैं और कहा है कि वे इनका जवाब दें। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अर्चना शर्मा ने कहा है कि गहलोत सरकार के कार्यकाल में महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला थानों एवं महिला डेस्क की स्थापना की गई। त्वरित न्याय उपलब्ध करवाने के लिए संभाग स्तर पर फास्ट ट्रेक न्यायालयों का गठन किया गया है। जननी शिशु सुरक्षा योजना के माध्यम से महिला एवं शिशु मृत्यु दर को काबू किया गया है। जबकि वसुंधरा राजे के कार्यकाल में ऐसी कोई योजना लागू नहीं की गई। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अर्चना शर्मा ने वसुंधरा राजे से सात सवालों का जवाब देने के लिए कहा है।
गुर्जर आन्दोलन में 80 गुर्जर महिलाओं की मांग उजाड़कर कौनसा महिला हितैषी कदम वसुंधरा राजे ने उठाया?
वसुन्धरा के शासनकाल में एन.टी.टी. की मासूम छात्राओं पर लाठीचार्ज करवाकर कौनसा महिला कल्याणकारी कदम उठाया गया?
सोहेला कांड के दौरान गर्भवती महिला को गोली चलवाकर मारना कौनसा महिला हितैषी कदम था।
अपने मुख्यमंत्रित्वकाल के दौरान पूरे राजस्थान में जगह-जगह मयखाने खोलकर किस प्रकार महिला सशक्तिकरण को अंजाम दिया?
मुख्यमंत्री रहते हुए रैम्प पर कैट वॉक करके क्या महिला के सम्मान को बढ़ाया गया?
एक महिला उद्यमी के साथ लिप-लॉप का सार्वजनिक प्रदर्शन क्या महिला की गरिमा के हनन का परिचायक नहीं है?
स्वयं को राजस्थानी परम्पराओं की वाहक मानने वाली वसुंधरा राजे ने शीतलाष्टमी के दिन दिए भोज में न सिर्फ परम्परा तोड़कर गरम खाना परोसा बल्कि धार्मिक पर्व होने के बावजूद मांसाहार भी परोसा गया, इसके द्वारा उन्होंने कौनसी राजस्थानी संस्कृति एवं परम्परा का निर्वहन किया?
क्या इन सभी कदमों को महिला उत्थान में पूर्ववर्ती सरकार का अच्छा प्रयास मानें।

error: Content is protected !!