आदिवासी महिला विधायक को ही राज्यपाल से नहीं मिलने दिया तो गरीब की पीड़ा कौन सुनेगा

vasundhara 1ककोड़ / नगरफोर्ट / देवली। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि जिस सरकार में अफसरशाही जनता से चुनी हुई आदिवासी महिला विधायक को राज्यपाल से नहीं मिलने दे उस सरकार में आम गरीब आदमी की पीड़ा कौन सुनेगा। श्रीमती राजे सुराज संकल्प यात्रा के दौरान टोंक जिले के ककोड़, नगरफोर्ट और देवली कस्बे में आयोजित सभाओं में बोल रही थी।
उन्होंने कहा कि आबू रोड रेल्वे स्टेशन पर कांग्रेस की ये विधायक गंगाबेन गरासिया राज्यपाल का स्वागत करना चाहती थी। पुलिस और प्रशासन ने इस विधायक को राज्यपाल तक फटकने भी नहीं दिया। ऐसी राज्यपाल से नहीं मिलने दिया गया, जिसके दरवाजे जनता के लिए हमेशा खुले रहते हैं। इस सरकार में कांग्रेस के विधायक की ही ये कद्र है तो आम आदमी का क्या हाल होगा। ये अपमान महिलाओं का ही नहीं, आदिवासियों का भी है।
कड़ी से कड़ी जुड़ने के बाद भी आरक्षण बिल 9वीं अनुसूचि में शामिल क्यों नहीं
वसुन्धरा राजे ने कहा कि हमारी सरकार ने हर वर्ग को हक दिलाने की दृष्टि से आरक्षण विधेयक 2008 विधानसभा में सर्वसम्मति से संकल्प के साथ पारित किया। जिसमें 5 प्रतिशत गुर्जर सहित विशेष पिछड़ा वर्ग और 14 प्रतिशत आर्थिक रूप से पिछड़े सवर्णाें के लिए आरक्षण देने की बात थी। 5 प्रतिशत और 14 प्रतिशत को एक साथ इसलिये किया ताकि 9वीं अनुसूचि में जल्दी शामिल हो जाये। लेकिन केन्द्र और राज्य में एक ही दल की सरकार होने के बावजूद ये बिल 9वीं अनुसूचि में शामिल नहीं हुआ। इसे पहले तो राज्यपाल ने अटकाये रखा, जब इस बिल में कोई कमी नहीं निकली, तो उन्हें मजबूरन हस्ताक्षर भी करना पड़ा। राज्यपाल के हस्ताक्षर के बाद कांग्रेस यदि इसे 9वीं अनुसूचि में डलवा देती तो आज गुर्जर सहित विशेष पिछड़ा वर्ग और गरीब सवर्णाें को आरक्षण मिल जाता। केन्द्र की सरकार में नमोनारायण मीणा और सचिन पायलट मंत्री है। अगर इन पर दबाव डालते तो ये बिल 9वीं अनुसूचि में डल जाता।
मुसलमान बीजेपी की ओर आने लगे तो कांग्रेस झगड़े करवाने लगी
वसुन्धरा राजे ने कहा कि हमारे मुस्लिम और एससी एसटी के भाईयों का झुकाव भाजपा की ओर होने लगा तो कांग्रेस घबरा गई। उसने इन जातियों में झगड़ा करवाना शुरू कर दिया। हिन्दू मुसलमान को लड़ा दिया, तो कहीं गुर्जर मीणाओं को भड़का दिया, लेकिन जनता अब समझ गई है कि 55 साल तक कांग्रेस लोगों में झगड़ा करवाकर ही राजस्थान में राज कर पाई है। कांग्रेस तोड़ने की राजनीति करती है, हम जोड़ने की राजनीति करते हैं।
कटारिया जी निष्कलंक है
वसुन्धरा राजे ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया निष्कलंक है। ऐसे साफ छवि के व्यक्ति के खिलाफ कांग्रेस ने सीबीआई के साथ मिलकर षड़यंत्र रचा है, लेकिन जीत न्याय और सच्चाई की होती है। कांग्रेस समझती है ऐसे हथकंडों से भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता डर जायेगा तो ये उसकी भूल है।
श्रीमती राजे के साथ भाजपा के राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कैलाश मेघवाल, पूर्व मंत्री नाथूसिंह गुर्जर, विधायक भवानी सिंह राजावत, विधायक प्रभुलाल सैनी, पूर्व मंत्री यूनुस खान, एससी मोर्चे के प्रदेशाध्यक्ष सतीश चंदेल, पूर्व मुख्य सचेतक महावीर प्रसाद जैन मौजूद थे।

error: Content is protected !!