विदेशों के साथ मिल रचा आठवीं तक पास करने का षडयन्त्र

vasundhara 3भीलवाड़ा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि विद्यार्थियों को आठवीं कक्षा तक बिना परीक्षा पास करने का प्रावधान हमारे होनहार बच्चों के खिलाफ एक बडा षडयंत्र है। लगता है केन्द्र की यूपीए सरकार ने विदेशी ताकतों के साथ मिलकर यह साजिश रची है। भाजपा बालको के भविष्य को बिगाड़ने वाले इस कानून के खिलाफ है। उन्होने शिक्षको से राजस्थान के नव निर्माण में भागीदारी निभाने का भी अनुरोध किया। श्रीमती राजे भीलवाड़ा में राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) की प्रदेश महासमिति के अधिवेशन में मुख्य अतिथि की हैसियत से बोल रही थी।
उन्होंने कहा कि हमारे प्रतिभावान ़बच्चे पूरी दुनिया में छाए हुए है। अमेरिका हो या अन्य कोई दूसरे देश, सबके सब भारतीय नौजवानों की काबलियत के कायल है। जहां अमेरिकन बच्चे बिना कैलकुलेटर के जोड़ भाग नही कर सकते वही हमारे भारतीय बच्चे चुटकियों में बड़े से बडे सवाल बिना किसी उपकरण के हल कर लेते है। यह हमारा सौभाग्य है कि आज हमारा भारत सबसे ज्यादा यंग और इंटेलीजेंट जनसंख्या के लिए पूरे विश्व में पहचाना जाता है। इसीलिए दुनिया के कई देश हमसे ईर्ष्या करते है।
श्रीमती राजे ने कहा कि एक ओर तो हमारे बच्चे दुनिया में नाम कमा रहे है और दूसरी ओर हमारी सरकार उनकी प्रगति में बाधा डालने के लिए ऐसे नियम बना रही है। इन हालातों में आज राजस्थान में आठवीं कक्षा के 23 प्रतिशत बच्चे हिन्दी पढ़ना और 35 प्रतिशत बच्चे अंग्रेजी लिखना नही जानते। यह स्थिति राईट टू एजूकेशन के इस कानून की वजह से हुई। संसद की स्थाई समिति ने भी इस प्रावधान का विरोध किया है, इसके बावजूद भी केन्द्र की यूपीए सरकार इस कानून को नही बदलने पर अड़ी हुई है। ।

कर्मचारियां के साथ धोखा
वसुन्धरा राजे ने कहा कि इस सरकार ने कर्मचारियों के साथ भी धोखा किया है आज उन्हें अपने वाजिब हक के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होने कहा कि कर्मचारियो की समस्याओं के समाधान के लिए वे निष्पक्षता से काम करेंगी क्योंकि सब चीजों का रास्ता एक साथ बैठने और बातचीत करने से ही निकलता है। इस कार्यक्रम में शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रह्लाद शर्मा ने श्रीमती राजे का स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव, सांसद वी. पी. सिंह और विधायक विट्ठल अवस्थी भी मौजूद थे।

केन्द्र तो भामाशाह योजना का अनुसरण कर रहा है, राज्य सरकार महिलाओं की इस योजना को लागू नहीं कर रही
गंगापुर/करेडा/भीलवाड़ा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि केन्द्र की यूपीए सरकार की आधार कार्ड योजना उनकी भाजपा सरकार में बनी भामाशाह महिला सशक्तिकरण योजना की नकल है। उन्होनें कहा कि केन्द्र की मनमोहन सरकार तो उनकी इस योजना का अनुसरण कर रही है और हमारी राजस्थान सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली इस योजना को लागू नही कर रही। श्रीमती राजे भीलवाड़ा जिले के गंगापुर और करेडा कस्बे में आयोजित जनसभाओ मे बोल रही थी। इन दोनो सभाओं के अलावा श्रीमती राजे ने करीब 35 स्वागत कार्यक्रमो को भी सम्बोधित किया भीलवाडा जिले के पुर, गुडला, कारोई, भुनास, कोशिथल, रायपुर, बोराना और थला में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का जोरदार स्वागत हुआ।
सुराज संकल्प यात्रा के चौथे चरण के प्रथम भाग के अंतिम दिन श्रीमती राजे ने आक्रामक तेवर अपनाते हुए कहा कि साढे चार साल तक कुंभकर्णी नींद मे सोई सरकार जनता में योजनाओं के नाम पर नकद पैसो की रेवड़िया बांट कर चुनाव जीतना चाहती है। यदि भामाशाह योजना शुरू हो जाती तो, इन योजनाआंे की जरूरत ही नही पड़ती। पचास लाख महिलाओ के खाते खुलवाकर पंद्रह सौ रूपए प्रत्येक महिला के खाते में प्रोत्साहन राशि के रूप में जमा होने थे। इसी खाते में पेंशन, महानरेगा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओ का पैसा जमा होता जिसे महिलाएं बायोमेट्रिक कार्ड के जरिए ही बैंक से निकलवाती। इस योजना में 30 हजार रूपए के बीमे का भी प्रावधान था। यह योजना महिलाओ को आत्मनिर्भर बनाने की दुनिया की सबसे अनूठी योजना थी जिसे इस सरकार ने बन्द कर महिलाओ को स्वावलम्बी होने से रोका है।

गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ हमारे प्रदेश से आगे निकल गए
वसुन्धरा राजे ने कहा कि गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक जैसे प्रदेश विकास में राजस्थान से आगे निकल गए। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि राजस्थान में 55 साल तक कांग्रेस की सरकार रही। मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान और छत्तीसगढ में रमन सिंह को वहां की जनता ने 10-10 साल और गुजरात की जनता ने नरेन्द्र मोदी को 15 साल दिए। जिससे इन तीनो प्रदेशो की तस्वीर ही बदल गई। अगर हमारी भाजपा सरकार को भी 5 साल और मिल जाते तो हम भी देश मे विकास की दृष्टि से बहुत आगे होते।

विकास के लिए 36 की 36 जातियां बंधे एक डोर में
वसुन्धरा राजे ने कहा कि सब साथ चले, 36 की 36 जातियां राजस्थान के विकास में भागीदार बने और विकास के लिए एक डोर में बंधे तो राजस्थान की खुशहाली को कोई नही रोक सकता। इसलिए अब समय आ गया है कि भाजपा के हाथ में आप राजस्थान के विकास की बागडोर सौंपे। कुशासन का पर्याय बनी कांग्रेस को उखाड़ फेंके। श्रीमती राजे के साथ भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती किरण माहेश्वरी, राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कैलाश मेघवाल, सांसद वी. पी. सिंह, भाजपा के प्रदेश महामंत्री सतीश पूनियां, पूर्व सांसद मानवेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री सांवर लाल जाट, सुरेन्द्र सिंह राठौड़, रतन लाल जाट, विधायक अनिता गुर्जर, शिवजी राम मीणा, राम लाल गुर्जर, रणवीर पहलवान, जिलाध्यक्ष सुभाष बहेडिया सहित भाजपा के कई नेता मौजूद थे।

error: Content is protected !!