कांग्रेस ने युवाओं के नहीं खुद के रोजगार पर ध्यान दिया-वसुन्धरा

DSC_0231भीनमाल/ सांचोर / जालोर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि रोजगार की तलाश मंे हमारे युवा आज दूसरे प्रदेशों की ओर पलायन कर रहे हैं। क्योंकि कांग्रेस सरकार ने युवाओं के नहीं खुद के रोजगार पर ध्यान दिया है। उनकी भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर देगी और उनका पलायन रोकेगी। उन्होंने कांग्रेस पर नर्बदा का पानी नहीं लाने का भी आरोप लगाया और कहा कि वे गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात करके अपने समय में नर्बदा का पानी ले आई, लेकिन कांग्रेस ने अपने 50 साल के शासन में इसके लिए वहां के मुख्यमंत्रियों से क्यों बात नहीं की? अगर कांग्रेस ये पानी पहले ही ले आती तो इस इलाके में पानी की समस्या कभी की खत्म हो जाती। श्रीमती राजे सुराज संकल्प यात्रा के दौरान जालोर जिले के भीनमाल और सांचोर कस्बों में विशाल जनसभाओं को सम्बोधित कर रही थी। श्रीमती राजे का आज करीब दो दर्जन से अधिक स्थानों पर जोरदार स्वागत हुआ। जिसमें खासकर महिला और किसान वर्ग शामिल था। उन्होंने राजस्थान में कांग्रेस के 53 साल और भाजपा के 12 साल के शासन की तुलना भी की और कहा कि भाजपा को कांग्रेस जितना समय मिल जाता तो हमारा प्रदेश विकास की दृष्टि से चमन हो जाता।
कांग्रेस का कार्यकाल जनता को नहीं भ्रष्टाचार को समर्पित
राजे ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने राजस्थान को दस साल पीछे धकेल दिया है। इस सरकार का पूरा कार्यकाल जनता को नहीं भ्रष्टाचार को समर्पित रहा। रिकॉर्ड तोड़ भ्रष्टाचार करने वाली सरकार के लोगों ने पीढ़ियों का पैसा जमा कर लिया, होटल बना लिये और प्रदेश को खोखला कर दिया। कांग्रेस के इस भ्रष्टाचार के कारण ही आज भी देश की 70 प्रतिशत आबादी गरीब है। सच्चाई तो यह है कि कांग्रेस ने गरीब को गरीब रखा और खुद अमीर होती गई।
चुनरी की लाज रखी
वसुन्धरा ने सभाओं में लोगों से सीधा संवाद किया। लोगों से बिजली, पानी और सड़क के हाल पूछे तो लोगों ने बुरा हाल बताया। राजे ने कहा कि इस सरकार ने काम तो किया नहीं सिर्फ उनके खिलाफ जांचों और आरोपों में ही उलझी रही। वरना प्रदेश की ये हालात नहीं होते। उन पर 22 हजार करोड़ के आरोप लगाये, लेकिन एक भी आरोप सिद्ध नहीं कर पाये। क्योंकि वे सच्चाई पर थी। उन्होंने कहा कि जो चुनरी जनता ने उन्हें ओढाई है, आज तक उसकी लाज रखी है और हमेशा रखेंगी।
गहलोत के राज में हुए महिलाओं पर अत्याचार
वसुन्धरा ने कहा कि मुख्यमंत्री के राज में महिलाओं के साथ जमकर अत्याचार हुआ है। गृह विभाग के मंत्री होने के बावजूद उन्होंने महिलाआंे की सुरक्षा के लिये कुछ भी नहीं किया। आयेदिन राजस्थान में महिलाओं की इज्जत तार-तार होती रही, लेकिन मुख्यमंत्री खामोश रहे। महिला उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए उन्होंने कोई कदम नहीं उठाये, जिसके कारण महिला उत्पीड़न में हमारा प्रदेश देश में दूसरे नम्बर पर पहुंच गया। ऐसे मुख्यमंत्री को कुर्सी पर बैठने का हक नहीं।
ये रहे मौजूद- राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव, सांसद देवजी पटेल, विधायक गजेन्द्र सिंह खींवसर, प्रदेश महामंत्री रामचरण बोहरा, विधायक पूराराम चौधरी, जीवाराम चौधरी, वरिष्ठ नेता मदनलाल सैनी, जिलाध्यक्ष नारायण सिंह देवल।
error: Content is protected !!