रैगिंग गम्भीर अपराध, मिलेगी कड़ी सजा-डॉ. चौधरी

जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक
dr. ashok chaudharyअजमेर। जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक चौधरी ने कहा कि रैगिंग एक गम्भीर अपराध है। इसमें लिप्त पाए जाने वाले किसी भी विद्यार्थी या अन्य व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अपराध साबित होने पर कड़ी सजा दी जाएगी।
डॉ. चौधरी बुधवार को जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सेमीनार कक्ष में आयोजित एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। डॉ. चौधरी ने कहा कि माननीय उच्चतम न्यायालय, मेडिकल काउंसिल ऑफ इण्डिया तथा राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हैल्थ सांइसेज के निर्देशों की अनुपालना में कॉलेज में एंटी रैगिंग कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी नवप्रवेशी एवं जूनियर छात्र छात्राओं के साथ होने वाली रैगिंग या अन्य अभद्रताओं पर नजर रखेगी। कॉलेज एवं इससे जुड़े परिसरों में यदि मेडिकल कॉलेज का कोई विद्यार्थी या अन्य व्यक्ति रैगिंग में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
कमेटी के कन्वीनर एवं अतिरिक्त प्राचार्य प्रथम डॉ. जी.जी. कौशिक ने रैगिंग एवं उससे जुड़े प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एंटी रैगिंग कमेटी कॉलेज एवं उससे जुड़े परिसरों के अलावा मेडिकल छात्र छात्राओं के रिहायशी इलाकों में भी नजर रखेगी। अगर इन क्षेत्रों में भी जूनियर विद्यार्थियों के साथ किसी तरह की रैगिंग होती है तो सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कमेटी के सदस्यों को भी इस तरह की घटनाओं के प्रति सतर्क रहने को कहा।
बैठक में कमेटी के सदस्य डॉ. आर.सी. गुप्ता, डॉ. पारस नुवाल, डॉ. अल्का गोयल, डॉ. गीता पचौरी, डॉ. सी.के. मीणा, डॉ. आनन्द कुमार गुप्ता, डॉ. विकास सक्सेना एवं कोतवाली थाना प्रभारी श्री अरविंद चारण सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

error: Content is protected !!