5 नवम्बर को पंचायत समिति मुख्यालय पर होंगी बैठकें
अजमेर,29 अक्टूबर। जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए चलाए जा रहे सम्पर्क समाधान अभियान के तहत उपखण्ड व जिला स्तरीय सम्पर्क समाधान बैठकों का कार्यक्रम तय कर दिया गया है। उपखण्ड व पंचायत समिति स्तर पर 5 नवम्बर को बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जिला, उपखण्ड व ब्लॉक स्तर के अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करेंगे।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि 5 नवम्बर को अरांई, भिनाय, जवाजा, मसूदा, पीसांगन, केकड़ी, श्रीनगर व सिलोरा पंचायत समिति मुख्यालय पर बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों में विभिन्न विभागों के सभी उपखण्ड व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा क्षेत्र के समस्त पटवारी व ग्रामसेवक उपस्थित रहेेंगे। जलदाय, विद्युत, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग से संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी भी बैठकों में जाकर अपने विभागों से संबंधित समस्याएं सुनेंगे।
बैठक में प्रात: 10 से 12 बजे तक प्रकरणों को ऑनलाईन दर्ज कर सूचीबद्घ किया जाएगा। दोपहर 3 बजे तक संबंधित अधिकारी द्वारा परिवाद या समस्या के बारे में सम्पर्क पोर्टल पर टिप्पणी अंकित की जाएगी। इसके बाद दोपहर 3.30 से शाम 6 बजे तक प्रकरणों के समाधान से असंतुष्ट व्यक्ति की विभागीय अधिकारियों के समक्ष सुनवाई की जाएगी। जनसुनवाई में केवल उन्हीं प्रकरणों को लिया जाएगा जो पहले से दर्ज हैं तथा जिनका समाधान नहीं हो पाया हैं।