पटेल मैदान से होगा विधि कॉलेज भवन, मूक-बधिर व नेत्रहीन आवासीय विद्यालय तथा जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के कार्डियोथोरेसिक यूनिट का भी लोकार्पण
अजमेर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे कल अजमेर से भामाशाह कार्ड वितरण एवं लाभ हस्तांतरण योजना का शुभारम्भ करेंगी। मुख्यमंत्री अजमेर के विधि कॉलेज भवन, मूक-बधिर व नेत्रहीन आवासीय विद्यालय तथा जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के कार्डियोथोरेसिक वार्ड का भी लोकार्पण करेंगी। इस अवसर पर जन सभा का आयोजन भी होगा।
मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे कल दोपहर डेढ़ बजे पुलिस लाईन हेलीपेड पर पहुंचेंगी। इसके पश्चात वे सीधे पटेल मैदान पहुंचेंगी। यहां पर राज्य सरकार की भामाशाह कार्ड वितरण एवं लाभ हस्तांतरण योजना का शुभारम्भ किया जाएगा। श्रीमती राजे वीडियोकॉफ्रेंसिंग के जरिये पीसांगन पंचायत समिति के भांवता, किशनगढ़ पंचायत समिति के हरमाड़ा, रूपनगढ़ के करकेड़ी एवं जवाजा में भी भामाशाह कार्ड वितरण एवं लाभ हस्तांतरण का शुभारम्भ करेंगी।
इस अवसर पर पटेल मैदान से ही राजकीय विधि महाविद्यालय अजमेर के नये भवन, मूक बधिर एवं नेत्रहीन संभाग स्तरीय आवासीय विद्यालय तथा जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज की कार्डियोथोरेसिक यूनिट का भी मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पण किया जाएगा। मुख्यमंत्री पटेल मैदान में आयोजित जन सभा को सम्बोधित करेंगी। इस अवसर पर राज्य सरकार के कई मंत्री भी उपस्थित रहेंगे।
2 करोड़ एक लाख रूपये की लागत से बना है विधि महाविद्यालय
महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय के पास कायड़ रोड़ पर नवनिर्मित राजकीय विधि महाविद्यालय अजमेर के निर्माण में 2 करोड़ एक लाख रूपये की लागत आयी है। महाविद्यालय में 19084.33 स्कवायर फीट क्षेत्रफल में प्रशासनिक भवन, पुस्तकालय, कम्प्यूटर कक्ष, कक्षा-कक्ष, बॉयज कॉमन रूम, गल्र्स कॉमन रूम निर्मित किए गए है।
मूक बधिर व नेत्रहीन विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा
कोटड़ा स्थित मूक बधिर व नेत्रहीन संभागीय आवासीय विद्यालय के निर्माण से संभाग के दर्जनों विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर रहने व पढऩे की सुविधा मिलेगी। यह भवन तीन करोड़ 14 लाख 80 हजार रूपये की लागत से बना है। भवन में 48 छात्रों के लिए छात्रावास, प्रशासनिक ब्लॉक, कक्षा कक्ष, लाईबे्ररी एवं कम्प्यूटर रूम आदि का निर्माण किया गया है।
संभाग के रोगियों को मिलेगी बाईपास सर्जरी की विशेष सुविधा
जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर में कार्डियोथोरेसिक यूनिट के निर्माण में 87.82 लाख रूपये की लागत आयी है । इस यूनिट में 2 ऑपरेशन थियेटर, दो वार्ड बीस बैड व एक आई.सी.यू. का निर्माण किया गया है। यूनिट के शुरू होने से अजमेर संभाग के रोगियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री की यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा
अजमेर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे की कल 15 दिसम्बर को होने वाली अजमेर यात्रा की तैयारियों को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री व अन्य जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों के साथ दौरा किया।
जिले के प्रभारी मंत्री एवं शिक्षा मंत्री श्री वासुदेव देवनानी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिता भदेल, राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री औंकार सिंह लखावत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने रविवार को प्रशासन के अधिकारियों के साथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया।
प्रभारी मंत्री श्री देवनानी, श्रीमती भदेल एवं श्री लखावत ने पटेल मैदान में सभा स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से मंच की बैठक व्यवस्था, आम जनता एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक व्यवस्था, उनके आगमन मार्ग एवं पार्किग आदि के बारे में जानकारी दी और सुझाव दियें। सभास्थल पर नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया के बैठने की व्यवस्था की भी तैयारी की गई। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त श्री धर्मेन्द्र भटनागर, जिला कलक्टर डॉ. आरूषी मलिक एवं पुलिस अधीक्षक श्री महेन्द्र सिंह चौधरी सहित श्री बी.पी. सारस्वत, पूर्व सभापति श्री सुरेन्द्र सिंह शेखावत एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।