मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रदेश के खिलाड़ियों एवं युवाओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी है।
गहलोत ने अपने संदेश में कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द के जन्म दिवस के अवसर को खेल दिवस के रूप में मनाया जाना अपने आप में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि खेलों का हमारे जीवन में सदैव ही विशेष महत्व रहा है। खेलों के माध्यम से देश और दुनिया के खिलाड़ी एक मंच पर खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग और सद्भाव बढ़ाने की दृष्टि से भी खेलों का महत्वपूर्ण योगदान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास एवं खिलाड़ियों को हर सम्भव सुविधाएं सुलभ कराने के लिए संकल्पबद्ध है। राज्य में योजनाबद्घ खेल सुविधाओं को विकसित कर खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण देने के प्रयास निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय, अन्तर्राष्ट्रीय खेल प्रतिस्पद्र्धाओं के साथ ही राष्ट्रमण्डल, एशियाड और ओलम्पिक में भी अच्छा प्रदर्शन किया है और इन स्पद्र्धाओं में पदक जीतने वाले एवं भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं समुचित प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
गहलोत ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवा खिलाड़ी मेजर ध्यान चंद के जीवन से प्रेरणा लेकर खेल भावना के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का संकल्प लें।