भोपाल, 16 अप्रैल 2015। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मालवीय नगर, भोपाल स्थित पत्रकार भवन के नव-निर्माण के लिये शासन स्तर पर तत्काल पहल करने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने इस पत्रकार भवन को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने की मंशा जाहिर की है।वर्तमान में जो पत्रकार भवन अस्तित्व में है, वह जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है तथा इसमें पत्रकारों के लिये आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी है। मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिये हैं कि नये बनने वाले पत्रकार भवन में उन सारी सुविधाओं को समावेशित किया जायेगा, जो पत्रकारों की गतिविधियों के संचालन में सहायक होंगी।
स्मरणीय है कि नये पत्रकार भवन को आकार देने में होने वाला समस्त व्यय भी शासन ही वहन कर रहा है। शासन के इस निर्णय से विभिन्न पत्रकार संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त की है और मुख्यमंत्री की इस सहृदयता के लिये उनका आभार माना है। आगामी 18 अप्रैल 2015 को मध्यप्रदेश में सक्रिय समस्त पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधि भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री के ‘‘आभार प्रदर्शन’’ समारोह के साक्षी बनेंगे।
आभार प्रदर्शन कार्यक्रम प्रात: 11 बजे से आयोजित होगा। वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राधावल्लभ शारदा ने साथी पत्रकारों से निवेदन किया है कि वे दिनांक 18 अप्रैल 2015 को एम.एल.ए. रेस्ट हॉउस, खण्ड क्रमांक-2 में अपनी उपस्थिति दर्ज कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और भोपाल आये। भोपाल आने पर आप 9425392358 पर संपर्क करें।