जयपुर, 8 मार्च। जलदाय मंत्री श्रीमती किरण माहेश्वरी ने बजट 2016-17 को अब तक का बेहतरीन बजट बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने बजट में हर तबके का खयाल रखा है। उन्होंने कहा कि युवा, महिलाओं और हर वर्ग को कुछ न कुछ देने का प्रयास किया है।
श्रीमती माहेश्वरी ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बजट में वृहद पेयजल परियोजनाओं के लिए 2 हजार 950 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा है, जिसमें 13 चालू प्रोजेक्ट्स को 831 करोड़ रुपए की लागत से पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भूजल पर ज्यादा फिजिबिलिटी नहीं रह पाती ऐसे में मुख्यमंत्री ने सतही जल स्रोत योजनाओं से पेयजल उपलब्ध कराने पर ज्यादा जोर दिया है। अगले दो सालों में 18 लाख से ज्यादा लोगों को सतही जल से जोड़ने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि बजट में पेयजल को प्राथमिकता दी है, जनता पर कर कम किए हैं, किसी प्रकार का कोई नया कर नहीं डाला गया। कुल मिलाकर यह बजट राजस्थान की आम जनता के लिए हितों को संरक्षित करने वाला बजट है।