कांग्रेस षासन में स्वीकृत योजनाओं के सांसद, विधायक कर रहे है झूठें लोकार्पण

परिवहन मंत्री द्वारा बारां को दस नई बसें देने की बात भी झूंठी

baran samacharफ़िरोज़ खान बारां , राजस्थान । 22 जून। बारां जिले में पडाव डाले हुए सांसद दुष्यंत सिंह द्वारा सोमवार को तहसील शाहबाद में 132 केवीए जीएसएस मामोनी राशि 18.65 करोड़ का शिलान्यास तथा ग्राम हनोतिया में 8.92 करोड़ की राशि से नवनिर्मित आईटीआई भवन का लोकार्पण किया गया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष पानाचंद मेघवाल ने बताया कि ग्राम हनोतिया में नवनिर्मित आईटीआई भवन का जो लोकार्पण किया गया है वह कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत हुआ था तथा 132 केवीए जीएसएस मामोनी का जो शिलान्यास किया गया है, उसको भाजपा द्वारा राजनैतिक द्वेषता के कारण 30 माह तक लंबित रखा गया। कांग्रेस के समय में स्वीकृत कार्यो का आज इनके सांसद व विधायक लोकार्पण व शिलान्यास कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर वाही-वाही बटोरने में लगे हुए है। कांग्रेस शासन के दौरान स्वीकृत कार्यो को 30 माह तक लंबित रखे जाने के लिए भाजपा सरकार दोषी है।

पानाचंद मेघवाल ने कहा कि गत दिनों भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में बारां आए परिवहन मंत्री युनूस खान द्वारा वक्तव्य जारी कर कहा था कि क्षेत्रीय सांसद बारां एवं झालावाड़ जिले में रोडवेज की सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत रहे है तथा झालावाड़ एवं बारां जिले को 10-10 नई बसें आवंटित कर दी गई है।

मेघवाल ने कहा कि मैं प्रेस के माध्यम से आमजन को बताना चाहूंगा कि परिवहन मंत्री युनूस खान द्वारा बारां जिले को जो 10 बसें देने की बात कहीं गई है वह केवल जनता को गुमराह करने के लिए की गई है। वास्तविकता यह है कि बारां जिला रोडवेज में 9 नई बसें अनुबंध पर आई है तथा इसके बदले बारां डिपो की 10 बसें लोहागढ आगार जिला भरतपुर को भिजवा दी गई है। सम्पूर्ण राजस्थान में भाजपा सरकार द्वारा प्राइवेट कंपनी से मिलीभगत कर रोडवेज विभाग के लिए 900 बसें अनुबंध पर ली गई है। बारां डिपो में आई 9 बसों में वाहन चालक प्राइवेट अनुबंध कंपनी का रहेगा तथा कंडक्टर रोडवेज विभाग का रहेगा। मेघवाल ने बताया कि इन बसों में यात्रियों की सुविधाओं का कोई ध्यान नहीं रखा गया है। रोडवेज डिपो की बसों में 52 सीटें होती थी जबकि अनुबंध पर आई बसों में केवल 45 सीटें है। इन बसों में केरियर नही है जिससे यात्रियों को अपने सामान को रखने में समस्या का सामना करना पडेगा। रोडवेज की बसों को रियायती दर पर सब्सिडी वाला डीजल मिलता है तथा यहीं डीजल अनुबंध की बसों में डाला जाएगा इससे राज्य सरकार को आर्थिक नुकसान होगा। रोडवेज की बसों का प्रति किलोमीटर 5.2 का एवरेज माना जाता है जबकि अनुबंध की नई बसों का एवरेज इससे अधिक रहेगा। इस कारण सब्सिडीयुक्त सरकारी डीजल की चोरी होगी। मेघवाल ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा यह सारा खेल आपसी मिलीभगत कर खेला गया है जिससे भ्रष्टाचार होने की पूरी संभावना है।

मेघवाल ने कहा कि यूडीएच मंत्री शेखावत ने अपने वक्तव्य में कहा कि नगर परिषद बारां को खूब पैसा दिया जा रहा है। लेकिन हकीकत यह है कि राष्ट्रीय आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, एसबीएम आदि योजनाओं में नगर परिषद बारां की नियमानुसार जो हिस्सा राशि बनती है वही राशि आज तक प्राप्त हो रही है तथा भाजपा सरकार द्वारा 30 माह के शासन में कोई विशेष ग्राण्ट नही दी गई है।

सार्वजनिक निर्माण मंत्री यूनूस खान ने वक्तव्य में कहा है कि उनके द्वारा बारां जिले में करोडो रूपयों की सड़कें स्वीकृत की गई है जिनका काम बारिश के बाद प्रांरभ होगा। जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस शासन के दौरान बारां जिले में करोड़ों रूपए लागत की सैकड़ों सड़कें एवं पुलियाएं स्वीकृत होकर उनके टेण्डर हो चुके थे, लेकिन भाजपा ने सत्ता में आते ही राजनैतिक द्वेषता के कारण इन सड़कों को निरस्त कर दिया और अब कांग्रेस शासन के दौरान स्वीकृत सड़कों को ही पुनः स्वीकृत किया जाकर जनता को गुमराह कर वाही-वाही लूटने का प्रयास किया जा रहा है। बारां जिले के लिए कांग्रेस शासन में स्वीकृतशुदा सड़कों एवं पुलियाओं को निरस्त कर पुनः स्वीकृत किया जाकर 30 माह तक विकास कार्यो को बाधित किए जाने के लिए भाजपा सरकार दोषी है।

मेघवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान भाजपा के मंत्रियों ने सांसद राजा साहब को खुश करने के लिए जो झूंठे वक्तव्य देकर बारां जिले की जनता को गुमराह करने का घृणित अपराध किया है, वह मंत्रियों का अशोभनीय कृत्य है।

मेघवाल ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है तथा इनके द्वारा किए गए विकास के दावे बेबुनियाद एवं खोखले साबित हो रहे है। नया करने के लिए इनके पास कुछ नही है एवं कांग्रेस शासन में स्वीकृत कार्यो का शिलान्यास एवं लोकार्पण कर जनता को गुमराह करने की कोशिश भाजपा द्वारा की जा रही है।

error: Content is protected !!